पार्वती नदी में डूबने से चार की मौत, मां-बेटे और दो भाइयों की गई जान
बारां, 16 जून (हि.स.)। जिले के छबड़ा क्षेत्र में मंगलवार दोपहर पार्वती नदी में नहाने गए चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में एक मां-बेटा और दो सगे भाई शामिल हैं। सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए छबड़ा के गूगौर गांव आए हुए थे।
छबड़ा थाना प्रभारी राजेश खटाना ने बताया कि मृतकों की पहचान गुड्डी बाई (45) पत्नी रशीद खां और उनके पुत्र सलाम (22) निवासी छीपाबड़ौद, तथा अरमान (17) पुत्र बंटी गौरी और उसके भाई युनुस खान (18) निवासी गुना, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, नहाने के दौरान एक युवक का पैर नदी में पड़े मछली पकड़ने के जाल में फंस गया, जिससे वह डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में तीन अन्य लोग भी गहरे पानी में चले गए और चारों की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना पर स्थानीय गोताखोर निरंजन खारोल की मदद से सभी को नदी से बाहर निकालकर छबड़ा के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

