कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में दो महिलाओं व बच्चे सहित चार की मौत
नागौर, 30 मई (हि.स.)। जिले में शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। जोधपुर-बीकानेर बाइपास स्थित रिंग रोड पर तेज रफ्तार कार और ट्रक की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत इतनी भयावह थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे में दो महिलाओं, एक बच्चे सहित चार लोगों ने दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक के टायरों में आग लगने से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसा सदर थाना क्षेत्र में रिंग रोड पर बासनी पुलिया के निकट शनिवार दोपहर हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार और ट्रक के बीच टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। भिड़ंत के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के तुरंत बाद ट्रक के टायरों में आग लग गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया और बड़ी दुर्घटना होने से बचा लिया। वहीं, आसपास के लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य ने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही आखिरी सांस ली।
पुलिस के अनुसार मृतक कार में सवार होकर बीकानेर से जोधपुर जा रहे थे। नागौर शहर के पास बने जोधपुर-बीकानेर बाइपास रोड पर सामने से आ रहे मूंगफली से भरे ट्रक से कार की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह पिचक गई, जबकि ट्रक सड़क किनारे रेत के ढेर से टकराकर रुका।
हादसे में मृतकों की पहचान जोधपुर के पावटा बी रोड निवासी जयसिंह (50) पुत्र प्रेमसिंह राजपूत, उनकी पत्नी सुमन कंवर (40), पुत्र इंद्रवर्धन उर्फ लड्डू (14) तथा झुंझुनूं निवासी हाल जयपुर लक्ष्मीकंवर (55) पत्नी विजयसिंह के रूप में हुई है।
परिवार के चार सदस्यों की एक साथ मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के रिश्तेदार और परिचित अस्पताल पहुंचने लगे। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। दमकलकर्मियों और पुलिस टीम की मदद से काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना पर जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार, एसडीएम गोविंद सिंह भींचर और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। सदर थाना प्रभारी सुरेश कंस्वा ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए बायपास मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

