जेकेके में चार पुस्तकों का होगा लोकार्पण: साहित्यकारों का होगा संगम

WhatsApp Channel Join Now
जेकेके में चार पुस्तकों का होगा लोकार्पण: साहित्यकारों का होगा संगम


जयपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। माधव सिंह पालावत शोध प्रतिष्ठान, हरमाड़ा जयपुर की ओर से रविवार को चार महत्वपूर्ण पुस्तकों का लोकार्पण समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम जवाहर कला केंद्र के रंगायन सभागार में प्रातः 11 बजे शुरू होगा, जिसमें साहित्य, शोध और शिक्षा जगत से जुड़े विद्वान, साहित्यकार एवं साहित्य प्रेमी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

समारोह में माधव सिंह पालावत की पुस्तक ‘आवड़ कथा अनन्त’ तथा ‘बरवड़ी अन्नपूर्णा एवं शीशोपहारी बारू’, डॉ. शेफालिका पालावत की ‘बारहठ ईसरदास : हरिरस एवं गुण निंदा स्तुति’ और डॉ. सीमंतिनी पालावत की भारतीय भाषाओं का नारी रचित प्रथम महाकाव्य ‘मेहाई करणी’ का लोकार्पण किया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्य अकादमी के राजस्थानी परामर्श मंडल के अध्यक्ष एवं जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष प्रो. अर्जुन देव चारण करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में सौराष्ट्र विश्वविद्यालय के गुजराती विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. अम्बा दान रोहड़िया उपस्थित रहेंगे।

विशिष्ट अतिथियों में महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. रूप सिंह बारैठ तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कालाडेरा के प्राचार्य डॉ. जयभारत सिंह शामिल होंगे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में सज्जन सिंह, सत्यदेव बारहठ एवं रामसिंह पालावत भी समारोह में सहभागिता करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. दिनेश चारण (दिल्ली विश्वविद्यालय) एवं डॉ. प्रकाश दान चारण द्वारा शोध पत्र वाचन किया जाएगा, जबकि संचालन दूरदर्शन उद्घोषक गजेंद्र सिंह कविया करेंगे। यह आयोजन साहित्यिक संवाद और शोध परंपरा को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story