राजस्थान बोर्ड का बड़ा फैसला: कक्षा 9 से 12 तक की चार पुस्तकें सिलेबस से हटाई

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान बोर्ड का बड़ा फैसला: कक्षा 9 से 12 तक की चार पुस्तकें सिलेबस से हटाई


जयपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की सिफारिश पर राज्य सरकार ने कक्षा नौ से बारह तक की चार महत्वपूर्ण पुस्तकों को सिलेबस से हटा दिया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से इन पुस्तकों का न तो अध्ययन कराया जाएगा और न ही इनका निशुल्क वितरण किया जाएगा।

इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के समाज शिक्षा विभाग ने गुरुवार दोपहर आदेश जारी करते हुए सभी स्कूलों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इन पुस्तकों को पाठ्यक्रम में शामिल नहीं किया जाए। समाज शिक्षा के उप निदेशक अशोक कुमार पारीक ने बताया कि इन पुस्तकों को हटाने का प्रस्ताव बोर्ड द्वारा भेजा गया था। राज्य सरकार ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर के 11 अप्रैल के पत्र और समग्र शिक्षा के पूर्व आदेशों के आधार पर यह निर्णय किया है।

नई व्यवस्था के तहत ये पुस्तकें अब पाठ्यक्रम का हिस्सा नहीं रहेंगी। इनमें कक्षा 9 की राजस्थान का स्वतंत्रता आंदोलन एवं धरोहर, कक्षा 10 की राजस्थान का इतिहास एवं संस्कृति, कक्षा 11 की आजादी के बाद का स्वर्णिम भारत – भाग 1 और कक्षा 12 की आजादी के बाद का स्वर्णिम भारत – भाग 2 शामिल है।

ये सभी पुस्तकें हिंदी और अंग्रेजी माध्यम में थीं।

निदेशालय ने सभी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला परियोजना समन्वयकों को निर्देश दिए हैं कि वे सुनिश्चित करें कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में इन पुस्तकों का अध्ययन किसी भी विद्यालय में नहीं कराया जाए। राजस्थान में कक्षा आठ तक का पाठ्यक्रम राजस्थान शैक्षिक अनुसंधान परिषद द्वारा तय किया जाता है, जबकि कक्षा 9 से 12 तक का सिलेबस माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर निर्धारित करता है। इनकी सिफारिशों के आधार पर जयपुर स्थित पाठ्यपुस्तक मंडल पुस्तकों का प्रकाशन करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story