पिंकसिटी प्रेस क्लब के 35वें स्थापना दिवस पर हुआ पत्रकारों का सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
पिंकसिटी प्रेस क्लब के 35वें स्थापना दिवस पर हुआ पत्रकारों का सम्मान


पिंकसिटी प्रेस क्लब के 35वें स्थापना दिवस पर हुआ पत्रकारों का सम्मान


जयपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। पिंकसिटी प्रेस क्लब के 35वें स्थापना दिवस पर शुक्रवार को आयोजित मुख्य समारोह में वरिष्ठ और युवा पत्रकारों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री रामदास आठवले, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ तथा सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा शामिल हुए। समारोह में लाइफ टाइम अचीवमेंट, वर्ष के श्रेष्ठ पत्रकार, संपादक सहित प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, वीडियो और फोटो पत्रकारिता की विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।

क्लब अध्यक्ष मुकेश मीणा और महासचिव राजकुमार शर्मा ने बताया कि दैनिक नवज्योति के मुख्य संवाददाता एवं वरिष्ठ पत्रकार एल.एल. शर्मा को पत्रकारिता में अतुलनीय योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया गया। दैनिक निराला समाज के प्रेम शर्मा, जसविंदर बल, कुंजेश पतसरिया, शिवदयाल मिश्रा और राजेश पारीक को भी यह सम्मान प्रदान किया गया। वरिष्ठ पत्रकार एवं क्लब के संस्थापक सदस्य प्रवीण चंद्र छाबड़ा का भी सम्मान किया गया।

मीडिया समाज का आईना : दीया कुमारी

उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने सम्मानित पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा कि पत्रकार समाज का आईना है और तथ्यात्मक तथा त्वरित समाचार आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका है। राज्य सरकार हर वर्ग और क्षेत्र के हित में फैसले लेकर प्रदेश के विकास के लिए काम कर रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नवाचारों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में मीडिया का सहयोग जरूरी है।

उन्होंने कहा कि सरकार जनहित में प्रयास कर रही है और कई बार मीडिया के माध्यम से सामने आने वाली महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर संबंधित मामलों की जांच भी कराई जाती है। कार्यक्रम में उन्होंने पत्रकारों को सम्मानित किया और क्लब के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने पिंकसिटी प्रेस क्लब को और भव्य रूप देने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग दिलाने की बात कही। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पत्रकारों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए क्लब के उन्नयन में सहयोग का आश्वासन दिया। विधायक गोपाल शर्मा ने भी विधायक कोष से प्रेस क्लब को सहयोग देने की बात दोहराई।

समारोह में वरिष्ठ पत्रकार डॉ. मिथिलेश जैमिनी को बेस्ट जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर और समाचार प्लस के सुधांशु माथुर को बेस्ट एडिटर ऑफ द ईयर अवार्ड प्रदान किया गया। कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय पत्रकारिता के लिए राहुल शर्मा गौतम को उत्कृष्टता सम्मान दिया गया। प्रिंट मीडिया श्रेणी में दैनिक भास्कर के मदन कलाल और सुभाष बंसल तथा दैनिक नवज्योति के अरुण गुप्ता और मॉर्निंग न्यूज के विनोद शर्मा को सम्मानित किया गया।

इलेक्ट्रॉनिक मीडिया श्रेणी में आजतक के शरत कुमार, आईबीएन-7 से जुड़े भवानी सिंह देवड़ा, ध्वज आर्य, भारत दीक्षित, जितेश जेठानंदानी और पीयूष शर्मा को बेस्ट इलेक्ट्रॉनिक मीडिया अवार्ड दिया गया। वीडियो पत्रकारिता में दिनेश शर्मा और दिनेश सविता को सम्मानित किया गया। फोटो पत्रकारिता श्रेणी में फर्स्ट इंडिया के संतोष शर्मा, सच बेधड़क के पंकज शर्मा और दैनिक भास्कर के दीपक सैनी को बेस्ट फोटो जर्नलिस्ट पुरस्कार प्रदान किए गए। फोटो प्रदर्शनी के संयोजन के लिए सुनील शर्मा और महेश आचार्य को भी सम्मानित किया गया। समारोह में क्लब के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं युवा पत्रकार उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story