विद्युत कर्मचारियों के तबादलों पर उच्च स्तरीय समिति बनाने की घोषणा

WhatsApp Channel Join Now
विद्युत कर्मचारियों के तबादलों पर उच्च स्तरीय समिति बनाने की घोषणा


जयपुर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि विद्युत निगमों में कार्यरत कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित स्थानांतरण की समस्या के समाधान के लिए राज्य सरकार एक उच्च स्तरीय समिति का गठन करेगी। यह समिति कर्मचारियों के तबादलों से जुड़ी व्यावहारिक और प्रशासनिक समस्याओं पर विचार कर सुझाव देगी।

शून्यकाल के दौरान विधायक भागचंद टांकड़ा के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर जवाब देते हुए मंत्री ने बताया कि प्रदेश के तीनों विद्युत वितरण निगम स्वतंत्र कंपनियां हैं और उनकी अलग-अलग कैडर व्यवस्था है। इसी कारण तकनीकी रूप से इंटर-डिस्कॉम (एक निगम से दूसरे निगम में) तबादले संभव नहीं हो पाते।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को राज्य सरकार गंभीरता से ले रही है और इस विषय पर सहानुभूतिपूर्वक निर्णय किया जाएगा।

प्रस्तावित उच्च स्तरीय समिति कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए व्यवहारिक समाधान तलाशेगी।

मंत्री ने भरोसा दिलाया कि समिति की रिपोर्ट के आधार पर उचित निर्णय लेकर लंबे समय से लंबित स्थानांतरण मामलों में राहत प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story