वन मंत्री संजय शर्मा ने अलवर में फूलों व हर्बल गुलाल से खेली होली, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
वन मंत्री संजय शर्मा ने अलवर में फूलों व हर्बल गुलाल से खेली होली, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


वन मंत्री संजय शर्मा ने अलवर में फूलों व हर्बल गुलाल से खेली होली, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


अलवर, 04 मार्च (हि.स.)। राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री तथा अलवर शहर विधायक संजय शर्मा ने बुधवार को अपने निवास पर आमजन और कार्यकर्ताओं के साथ हर्षोल्लास के वातावरण में होली मनाई। आयोजन में पारंपरिक उत्साह के साथ फूलों और हर्बल गुलाल से होली खेली गई, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित होली का सकारात्मक संदेश भी दिया गया।

होली मिलन समारोह में जिलेभर से बड़ी संख्या में नागरिक, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मंत्री आवास पर पहुंचे। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा आपसी भाईचारे और सौहार्द का परिचय दिया। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक होली गीतों की धुन पर उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। वन मंत्री संजय शर्मा ने भी उपस्थित जनसमूह के साथ पारंपरिक गीतों पर ठुमके लगाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।

आयोजन में पर्यावरण के अनुकूल तरीके से होली मनाने पर विशेष जोर दिया गया। रासायनिक रंगों से परहेज करते हुए फूलों और प्राकृतिक गुलाल का उपयोग किया गया। मंत्री ने कहा कि होली रंगों और खुशियों का त्योहार है, इसे प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहते हुए मनाना हम सबकी जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में आए लोगों के लिए नाश्ते एवं पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई थी। उपस्थित लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सद्भाव और जनसंपर्क का सशक्त उदाहरण बताया।

इस अवसर पर पंडित जलेसिंह, जितेंद्र राठौड़, मनोज शर्मा, दिलीप नरुका, आकाश मिश्रा, रजनीश जैमन, जीतू गुर्जर, जीतू चौधरी, अंकित सैनी, झामनलाल सैनी, यशोधन पाराशर, विनोद शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

होली मिलन के दौरान मंत्री ने सभी को प्रेम, सद्भाव और आपसी विश्वास के साथ त्योहार मनाने की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया, ताकि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दिया जा सके।

समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां रंगों के साथ-साथ सामाजिक एकता और पर्यावरण जागरूकता का संदेश भी प्रमुखता से उभरकर सामने आया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

Share this story