राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में 13 अपात्र परिवारों ने स्वेच्छा से छोड़ा लाभ

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में 13 अपात्र परिवारों ने स्वेच्छा से छोड़ा लाभ


जोधपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशों की पालना में जोधपुर जिले में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत अक्टूबर से दिसंबर तक विशेष सर्वेक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों के ऐसे वार्डों में घर-घर सर्वेक्षण किया जा रहा है, जहां 80 प्रतिशत से अधिक परिवार योजना में चयनित हैं। इसका मुख्य उद्देश्य अपात्र व्यक्तियों एवं परिवारों को योजना से हटाना तथा वास्तविक पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को योजना से जोडऩा है।

अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 14, 65 व 7 (पुराने), नगरपालिका मथानिया के वार्ड संख्या 14 व 2 तथा नगरपालिका भोपालगढ़ के वार्ड संख्या 7 में 5 से 9 अक्टूबर तक विशेष प्राथमिकता के साथ सर्वेक्षण करवाया गया। इस दौरान 13 अपात्र परिवारों ने मौके पर ही स्वेच्छा से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ छोड़ते हुए गिवअप किया।

संबंधित सर्वेक्षण दलों द्वारा घर-घर जाकर योजना के लाभार्थियों की पात्रता का सत्यापन किया जाएगा। सर्वेक्षण में अपात्र पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं परिवारों को चिह्नित कर नियमानुसार योजना से हटाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, योजना से वंचित पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को चिह्नित कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार योजना से जोडऩे के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस विशेष अभियान के माध्यम से योजना का लाभ वास्तविक पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों तक पहुँचाने के साथ ही इसके क्रियान्वयन में पारदर्शिता और पात्रता के मानदंडों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story