डब्ल्यूटीपी मॉल के दो दर्जन फूड आउटलेट्स का निरीक्षण कर लिए नमूने

WhatsApp Channel Join Now
डब्ल्यूटीपी मॉल के दो दर्जन फूड आउटलेट्स का निरीक्षण कर लिए नमूने


जयपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को डब्ल्यूटीपी मॉल के फूड कोर्ट में करीब दो दर्जन रेस्टोरेंट और फूड आउटलेट्स का सघन निरीक्षण किया। कार्रवाई अतिरिक्त मुख्य सचिव गायत्री राठौड़ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल के नेतृत्व में की गई।

निरीक्षण के दौरान पिज्जा एक्सप्रेस में वेज और नॉनवेज पिज्जा व अन्य खाद्य सामग्री एक ही किचन में बिना पार्टीशन, एक ही ओवन और पास-पास रखे फ्रायर में तैयार होते मिले। दोनों तरह की खाद्य सामग्री के लिए अलग फ्रिज की व्यवस्था भी नहीं थी। इसके अलावा फर्म के खाद्य लाइसेंस में नॉनवेज खाद्य सामग्री की अनुमति नहीं ली गई थी। टीम ने मौके पर नॉनवेज व्यंजनों की बिक्री पर रोक लगाते हुए तैयार नॉनवेज खाद्य सामग्री को किचन से हटाकर कोल्ड स्टोर में रखवाया। फर्म को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सुधार नोटिस दिया गया है। मौके से इस्तेमाल किए गए रिफाइंड तेल का नमूना भी लिया गया।

टीम ने इंग्लिश रसोई से रिफाइंड सोयाबीन तेल, वेजिटेरियन रेस्टोरेंट से ग्रेवी तथा कैलाश परबत से पनीर और दही के नमूने लिए। नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा।

निरीक्षण के दौरान सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य लाइसेंस प्रमुखता से प्रदर्शित करने, खाद्य हैंडलर्स को हैंड ग्लव्स, टोपी और एप्रन पहनने, मेडिकल फिटनेस कराने, पानी की जांच करवाने तथा परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, विनोद थारवान और राजेश नागर शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story