फूड पॉयजनिंग की सूचना पर खाद्य सुरक्षा टीम ने लिए मावा-दूध के दस नमूने
जयपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फूड पॉयजनिंग की सूचना पर बस्सी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए मावा और दूध सहित 10 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल के नेतृत्व में टीम नई कोठी की ढाणी, इसरवाला (तहसील बस्सी) पहुंची। यहां बुद्धाराम सैनी के घर लगन टीका कार्यक्रम में करीब 800 लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई थी।
सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम में मिश्री मावा, बर्फी, रसगुल्ला, दही, रायता, लड्डू, पूड़ी, नमकीन और आलू-मटर की सब्जी परोसी गई थी। भोजन करने के बाद कई लोगों की तबीयत खराब होने पर फूड पॉयजनिंग की आशंका जताई गई। जांच में सामने आया कि मावा चीथवाड़ी मंडी स्थित लालाराम शर्मा की मावा भट्टी से करीब 100 किलो मावा 240 रुपये प्रति किलो की दर से मंगवाया गया था।
टीम ने मौके से मिश्री मावा, बर्फी सहित अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लिए और बची हुई करीब 35 किलो बर्फी, पूड़ी, ब्रेड पकोड़े, मिर्ची बड़े व रसगुल्ले को नष्ट करवाया। साथ ही संबंधित मावा सप्लायर की सूचना सीएमएचओ जयपुर प्रथम को भी दी गई।
आखा तीज के बड़े सावे को देखते हुए टीम ने बस्सी क्षेत्र में मावा भट्ठियों का सघन निरीक्षण भी किया। इस दौरान अखेपुरा स्थित मैसर्स राधागोविंद मावा भंडार और मैसर्स गणेश मावा भंडार से मावा के नमूने लिए गए। वहीं मैसर्स राधा कृष्णा ब्रांड मावा उद्योग से मिश्री मावा और दूध के नमूने लिए गए। इसके अलावा बस्सी सामरिया रोड स्थित मैसर्स बालाजी मावा भंडार तथा हिंगोनिया स्थित मैसर्स नारायण मावा वाले से भी मावा और दूध के नमूने एकत्रित किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

