खाद्य सुरक्षा विभाग दूध केंद्रों पर की छापेमारी

WhatsApp Channel Join Now
खाद्य सुरक्षा विभाग दूध केंद्रों पर की छापेमारी


जयपुर, 13 मई (हि.स.)। राजस्थान सरकार द्वारा मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे “शुद्ध आहार, मिलावट पर वार” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को जयपुर द्वितीय क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दूध संकलन केंद्रों और बल्क मिल्क कूलर्स (बीएमसी) पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न श्रेणियों के दूध के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

कार्रवाई आयुक्त (खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण) डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश एवं अतिरिक्त खाद्य आयुक्त भगवत सिंह के सुपरविजन में की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि विभाग को मिले विशेष निर्देशों के बाद गठित टीमों ने दूदू, बगरू और दहमी कलां क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया।

निरीक्षण के दौरान दूध संकलनकर्ता फर्मों और बीएमसी केंद्रों की गहन जांच की गई। जांच दल को संदिग्ध प्रतीत होने वाले दूध के नमूने एकत्रित कर खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों के अनुसार लैब रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित पक्षों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश चंद यादव, अवधेश गुप्ता और नंदकिशोर कुमावत की विशेष भूमिका रही। विभाग ने साफ किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story