मुहाना फल मंडी में खाद्य सुरक्षा विभाग का निरीक्षण
जयपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। राज्य सरकार के “शुद्ध आहार, मिलावट पर वार” अभियान के तहत शनिवार को मुहाना फल मंडी में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने औचक निरीक्षण किया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
डॉ. मित्तल ने बताया कि फलों को हानिकारक रसायनों से पकाने की रोकथाम के लिए चल रहे विशेष अभियान के तहत मंडी में बड़े व्यापारियों के गोदामों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान राइपनिंग स्टोर रूम्स खुलवाकर वहां उपयोग किए जा रहे रसायनों की जांच की गई। जांच में सभी स्थानों पर इथाइलीन गैस का उपयोग पाया गया, जो प्राकृतिक राइपनिंग एजेंट है और स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित माना जाता है।
निरीक्षण के दौरान व्यापारियों से बातचीत में सामने आया कि पूर्व में कार्बाइड से फल पकाने की प्रथा थी, लेकिन अब इसका उपयोग लगभग बंद हो चुका है, क्योंकि इथाइलीन आसानी से उपलब्ध और सस्ता विकल्प है।
टीम ने सभी खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने, फलों को ढककर रखने और जमीन से ऊपर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश चंद यादव, नंदकिशोर कुमावत तथा केंद्रीय दल के विनोद शर्मा और अमित शर्मा शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

