खाद्य सुरक्षा विभाग टीम ने छापेमारी कर किया 85 हजार किलो दूषित आचार सीज

WhatsApp Channel Join Now
खाद्य सुरक्षा विभाग टीम ने छापेमारी कर किया 85 हजार किलो दूषित आचार सीज


जयपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को केंद्रीय खाद्य सुरक्षा टीम और सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की संयुक्त टीम ने मुहाना मंडी स्थित मैसर्स श्री श्याम फूड्स पर औचक छापा मारकर करीब 85 हजार किलोग्राम आचार और कच्चा माल सीज किया। फर्म के बेसमेंट में संचालित कारखाने में आचार की टंकियों के अंदर मच्छर, मक्खियां, कीड़े, मकड़ी के जाले और मरी हुई छिपकलियां मिलने से खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जब फर्म के बेसमेंट में पहुंची तो वहां प्लास्टिक की करीब 100 बड़ी टंकियां रखी मिलीं। इनमें आचार और उसे तैयार करने के लिए कच्चा माल भरा हुआ था। जांच के दौरान करीब 5 हजार किलोग्राम तैयार आचार और लगभग 80 हजार किलोग्राम कच्चा माल मिला। टंकियों की जांच करने पर उनमें मच्छर, मकड़ियां और जाले पाए गए। एक-दो टंकियों में मरी हुई छिपकलियां भी मिलीं। परिसर में गंदगी फैली हुई थी और मक्खी-मच्छरों की भरमार थी।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सॉस, मिश्रित आचार और आम के आचार के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों ने संदिग्ध खाद्य सामग्री को मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त होने की आशंका के चलते सीज किया है। सामग्री को नष्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

खाद्य सामग्री के अवैध विक्रय और साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका को देखते हुए विभाग ने फर्म के पूरे परिसर को सील कर दिया है। अग्रिम आदेशों तक व्यावसायिक गतिविधियों पर भी रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही फर्म का खाद्य लाइसेंस निलंबित करने के लिए प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू की गई है। नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763700 Articles

Share this story