खाद्य विभाग टीम ने 125 किलो मिलावटी मिल्क केक पकड़ा

WhatsApp Channel Join Now
खाद्य विभाग टीम ने 125 किलो मिलावटी मिल्क केक पकड़ा


जयपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। त्योहारी सीजन में मिलावट रोकने के लिए चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को बस्सी में कार्रवाई करते हुए करीब 125 किलो मिलावटी मिल्क केक नष्ट कराया। कार्रवाई अतिरिक्त मुख्य सचिव गायत्री राठौड़ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर की गई।

सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि खाद्य सुरक्षा टीम ने बस्सी मुख्य बाजार में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। तुंगा रोड स्थित शर्मा मिष्ठान भंडार पर अलवर से 180 रुपए किलो की दर से मंगाए गए मिल्क केक की जांच की गई। तीन कार्टन में 60 पैकेटों में रखे करीब 125 किलो मिल्क केक को मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसे काटकर काउंटर पर 360 रुपए किलो की दर से बेचा जा रहा था। नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई होगी।

टीम ने श्री अम्बे जोधपुर मिष्ठान भंडार से मिल्क केक का एक नमूना लिया। वहीं लाल जी जोधपुर मिष्ठान भंडार से मिल्क केक, मावा बर्फी और गुलाब जामुन के नमूने जांच के लिए लिए गए।

टीम ने अन्य मिठाई दुकानों का भी निरीक्षण किया और खाद्य सामग्री में फूड कलर का कम से कम इस्तेमाल करने, साफ-सफाई रखने, खाद्य सामग्री ढककर रखने तथा अच्छी गुणवत्ता का मावा इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, राजेश नागर और रिमिका माथुर शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story