मिलावट के खिलाफ खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए मिठाई-मावे समेत तेल के नमूने लिए

WhatsApp Channel Join Now
मिलावट के खिलाफ खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए मिठाई-मावे समेत तेल के नमूने लिए


मिलावट के खिलाफ खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए मिठाई-मावे समेत तेल के नमूने लिए


जयपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। त्योहारों के सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को जयपुर द्वितीय क्षेत्र की प्रमुख मिठाई दुकानों पर कार्रवाई की। टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाई, मावा, कचौरी, समोसा और अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लिए।

सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि रावत मिष्ठान भंडार, जगतपुरा से केसर-पिस्ता बर्फी और इस्तेमाल किए जा रहे खाद्य तेल के नमूने लिए गए। मौके पर प्याज की कचौरी तैयार की जा रही थी। खाद्य तेल की गुणवत्ता ठीक नहीं पाए जाने पर टीम ने इसका नमूना लिया। हलवाई ने बताया कि चार दिन में तेल बदला जाता है, जबकि मैनेजर के अनुसार प्रतिदिन करीब 700-800 कचौरियां तैयार होती हैं।

खाद्य विभाग के अनुसार लंबे समय तक एक ही तेल में खाद्य पदार्थ तलने से टीपीसी (टोटल पोलर कंपाउंड) की मात्रा बढ़ सकती है और ट्रांस फैट का स्तर भी बढ़ने की आशंका रहती है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।

टीम ने शंकरवाला स्वीट्स, बालाजी मोड़ से मावा का नमूना लिया। यहां करीब 20 किलो खराब और पुरानी मिठाइयां नष्ट करवाई गईं। इसके अलावा कान्हा स्वीट्स, जीटी मालवीय नगर से मीठा घेवर, आनंद जी स्वीट्स से मिल्क केक और मथुरावाला स्वीट्स, जगतपुरा से समोसा का नमूना लिया गया। दादूदयाल स्वीट्स, मालवीय नगर; लक्ष्मी स्वीट्स, टोंक रोड और माधव जोधपुर स्वीट्स से मावा के नमूने लिए गए। शर्मा स्वीट्स, प्रताप नगर से मिलावट की आशंका पर मिश्री मावा का नमूना लिया गया। इसके अलावा सोढाणी स्वीट्स, गोपालपुरा से मावा बर्फी, बीएमबी स्वीट्स, दुर्गापुरा से काजू कतली और मावा बर्फी तथा रिद्धि-सिद्धि स्वीट्स, गोपालपुरा बाइपास से काजू कतली का नमूना लिया गया। खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story