रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों एवं रेल परिसरों में स्वच्छता के साथ ई-वेस्ट प्रबंधन और लंबित मामलों के निस्तारण पर फोकस

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों एवं रेल परिसरों में स्वच्छता के साथ ई-वेस्ट प्रबंधन और लंबित मामलों के निस्तारण पर फोकस


कोटा, 13 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान 6.0 चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों एवं रेल परिसरों में स्वच्छता को बढ़ावा देना, अनुपयोगी सामग्री का सुव्यवस्थित निस्तारण, पर्यावरण संरक्षण, कार्यालयीन कार्यप्रणाली में सुधार तथा यात्रियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत कोटा मंडल में स्वच्छता एवं जनजागरूकता संबंधी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान में रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्म, यात्री सुविधाओं, शौचालयों, कार्यालय परिसरों तथा ट्रेनों की साफ-सफाई को प्राथमिकता दी गई है। इसके साथ ही यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों को स्वच्छता बनाए रखने और प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

इस वर्ष अभियान में ई-वेस्ट प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की पहचान, पृथक्करण एवं नियमानुसार निस्तारण के साथ पुराने रिकॉर्ड की समीक्षा, लंबित मामलों के समाधान और कार्यालयों में उपलब्ध स्थान के बेहतर उपयोग पर ध्यान केंद्रित किया गया है। वेस्ट टू वेल्थ एवं वेस्ट टू वंडर जैसी पहल के माध्यम से अनुपयोगी सामग्री के रचनात्मक एवं उपयोगी इस्तेमाल को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

अभियान का एक महत्त्वपूर्ण पहलू 'रेल जन संवाद' है, जिसके माध्यम से रेलवे अधिकारी सीधे यात्रियों से संवाद कर उनकी समस्याएँ, सुझाव एवं प्रतिक्रियाएँ प्राप्त कर रहे हैं। विशेष रूप से युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से 'रेल जन युवा संवाद' को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760327 Articles

Share this story