राजस्थान में आज 6 जिलों में बारिश का ऑरेंज और 17 में यलो अलर्ट
जयपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान में मानसून एक बार फिर जमकर बरस रहा है। प्रदेश के 6 जिलों में मंगलवार को भारी से अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 17 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। सोमवार को हाड़ौती क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के बाद कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ में हालात बिगड़ गए। कई इलाकों में पानी भर गया, नदियां उफान पर आ गईं और बांधों के गेट खोलकर पानी की निकासी करनी पड़ी।
झालावाड़ के सुनेल में सोमवार को प्रदेश की सबसे ज्यादा 300 मिमी यानी करीब 12 इंच बारिश हुई। बाकनी में 270, पिरावा में 262, रायपुर में 220, मनोहरथाना में 101, झालावाड़ शहर में 88, अकलेरा में 78 और गंगधर में 71 मिमी बारिश हुई। लगातार बारिश के बाद कालीसिंध, आहू समेत कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया।
कालीसिंध बांध के 13 गेट चार-चार मीटर खोलकर 1,96,329 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। छापी बांध के 12 और राजगढ़ बांध के 6 गेट भी खोल दिए गए हैं।
नदियों में उफान के चलते झालावाड़ के करीब 10 गांवों का संपर्क टूट गया। गागरोन में आए जायरीन भी पानी बढ़ने के कारण फंस गए। आहू नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। कचराखेड़ी के सरकारी स्कूल में पानी भर जाने से करीब 40 बच्चे और शिक्षक फंस गए, जिन्हें प्रशासन ने रेस्क्यू किया।
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए झालावाड़ कलेक्टर ने मंगलवार को जिले के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। उधर, तेज बारिश के कारण भोपाल-इंदौर राजमार्ग भी करीब पांच घंटे प्रभावित रहा।
सोमवार को हाड़ौती क्षेत्र में कई जगह छह इंच तक बारिश हुई। बूंदी में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए और कई घरों में पानी घुस गया। सड़कों पर बहते पानी में वाहन फंस गए। कोटा में तेज बारिश के बाद रामगंज मंडी कृषि उपज मंडी में पानी भर गया। बारां और झालावाड़ के ग्रामीण इलाकों में भी कई रास्ते जलमग्न हो गए। दक्षिणी राजस्थान में भी मानसून सक्रिय रहा। उदयपुर संभाग के कई जिलों में सोमवार को करीब छह इंच तक बारिश हुई।
बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ में भी तेज बारिश हुई। डूंगरपुर, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, टोंक और जयपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
डीडवाना-कुचामन जिले के नावां में सोमवार शाम बारिश के दौरान बाइक सवार युवक पर बिजली गिर गई। हादसे में नमक फैक्ट्री में काम करने वाले विक्की दायमा (25) की मौत हो गई। विक्की अपने साथी जितेंद्र नरानिया के साथ घर लौट रहा था, तभी बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे राजकीय उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी और एसडीएम हुक्मीचंद रुलानिया अस्पताल पहुंचे।
बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ में सोमवार को लगातार बारिश के कारण बाजारों की सड़कें पानी में डूब गईं। जयपुर में दिनभर उमस और बादलों के बीच दोपहर बाद मौसम बदला। करीब चार बजे चारदीवारी, एमआई रोड, टोंक रोड, आदर्श नगर और गोपालपुरा बाइपास समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई।
प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने के बावजूद पश्चिमी राजस्थान के कई जिले सूखे रहे। जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी और बीकानेर में सोमवार को धूप निकली। इससे गर्मी और उमस बढ़ गई। जैसलमेर में प्रदेश का सबसे अधिक 40.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान मापा गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून ट्रफ बीकानेर, दतिया और उत्तरी मध्यप्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र से होते हुए डालटनगंज और बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसी सिस्टम के प्रभाव से कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों में मंगलवार को भी कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

