(अपडेट)मुख्यमंत्री ने 207 नवीन बसों को दिखाई हरी झंडी, 700 महिलाओं को हेलमेट वितरण
जयपुर, 19 मार्च (हि.स.)। राजस्थान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को अजमेर रोड स्थित बस टर्मिनल से राज्य पथ परिवहन निगम (आरएसआरटीसी) की 207 नवीन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों के संचालन से प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आमजन को बेहतर और सुविधाजनक यातायात सेवाएं मिल सकेंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राजस्थान दिवस एवं हिन्दू नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 30 मार्च 1949 को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रयासों से वृहद् राजस्थान की स्थापना हुई थी। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार ने चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन ही राजस्थान दिवस मनाने का निर्णय लिया है, जिसे इस वर्ष 19 मार्च को पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने नवीन बसों का विधिवत पूजन कर शुभारंभ किया। इन 207 बसों में 100 ब्लूलाइन एक्सप्रेस बसें, 79 स्टारलाइन बसें, 28 एसी बसें शामिल हैं। इन बसों में आधुनिक एवं नवीनतम सुरक्षा मानकों का समावेश किया गया है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक यात्रा का अनुभव मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देते हुए 700 महिलाओं को हेलमेट वितरित किए और उन्हें “सड़क सुरक्षा अग्रदूत” के रूप में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिलाओं से संवाद कर यातायात नियमों का पालन करने का आह्वान भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत–विकसित राजस्थान के विजन को साकार करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बीते सवा दो वर्षों में प्रदेश के हर वर्ग के लिए राहत और विकास के कार्य किए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान आमजन ने मुख्यमंत्री का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सांसद मंजू शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

