हिस्ट्रीशीटर के साथ दमन-दीव में सैर-सपाटा पड़ा भारी, सायरा थाने के एएसआई समेत पांच पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
उदयपुर, 26 नवंबर (हि.स.)।
उदयपुर जिले के सायरा थाने में तैनात एक एएसआई समेत पांच पुलिसकर्मियों को हिस्ट्रीशीटर के साथ दमन-दीव घूमना भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर हिस्ट्रीशीटर भंवरसिंह के साथ पुलिसकर्मियों के समुद्र किनारे घूमने के फोटो और वीडियो सामने आने के बाद जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बुधवार देर रात सख्त कार्रवाई करते हुए पांचों जवानों को लाइन हाजिर कर दिया।
लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों में सायरा थाने के एएसआई राजेन्द्र सिंह, कॉन्स्टेबल नरपतराम, गुमान सिंह, धर्मेन्द्र कुमार और लोकेन्द्र सिंह शामिल हैं। इससे पहले दीपावली से पूर्व कॉन्स्टेबल रूपाराम टेलर का भी हिस्ट्रीशीटर के साथ फोटो वायरल हुआ था, जिस पर 14 नवंबर को उसे लाइन हाजिर किया गया था। अन्य पुलिसकर्मियों के वीडियो सामने आने पर एसपी ने मामले की जांच गिर्वा डीएसपी छगन राजपुरोहित को सौंपी थी।
जांच के दौरान पुलिसकर्मियों ने सफाई दी कि वे अगस्त 2026 में किसी मामले के आरोपितों को पकड़ने दमन-दीव गए थे और इसी दौरान समुद्र किनारे घूमने गए, लेकिन उन्होंने हिस्ट्रीशीटर के साथ होने से इनकार किया। हालांकि, वायरल तस्वीरों में कॉन्स्टेबल धर्मेन्द्र सिंह हिस्ट्रीशीटर के कंधे पर हाथ रखे और अन्य जवान साथ घूमते स्पष्ट दिखे। डीएसपी की जांच रिपोर्ट के बाद यह कार्रवाई की गई। दूसरी ओर, करीब दो माह पूर्व तत्कालीन थानाधिकारी शैतानसिंह के विदाई समारोह में भी इसी हिस्ट्रीशीटर द्वारा उन्हें श्रीनाथजी की तस्वीर भेंट करने की फोटो सामने आने के बाद तत्कालीन एसएचओ पर कार्रवाई न होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

