जयपुर की पांच प्रमुख सड़कों पर बनेंगे करीब नाै किलोमीटर फुटपाथ

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर की पांच प्रमुख सड़कों पर बनेंगे करीब नाै किलोमीटर फुटपाथ


जयपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जयपुर को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं नागरिक सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा शहर की पांच प्रमुख सड़कों पर फुटपाथ निर्माण कार्य कराया जाएगा। इस कार्य से पैदल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।

जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि शहर की प्रमुख सड़कों पर पैदल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगभग 9 किलोमीटर लंबाई में फुटपाथ विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही फुटपाथों के किनारे हरित विकास भी किया जाएगा, जिससे सड़क परिवेश को बेहतर बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि फुटपाथ निर्माण का कार्य न्यू सांगानेर रोड पर गुर्जर की थड़ी से अजमेर रोड तक, किंग्स रोड पर गोपालपुरा बाईपास से अजमेर रोड तक, गोपालपुरा बाईपास पर गुर्जर की थड़ी से किसान धर्म कांटा तक, महेश नगर 80 फीट रोड तथा हंस मार्ग पर गोपालपुरा बाईपास से रिद्धि-सिद्धि अंडरपास तक किया जाएगा।

जेडीसी ने बताया कि इन सड़कों पर व्यावसायिक एवं वाणिज्यिक गतिविधियों के साथ बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थान भी संचालित हैं। इसके कारण विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों का प्रतिदिन पैदल आवागमन रहता है। वर्तमान में कई स्थानों पर पैदल यात्रियों को सड़क के किनारे से आवागमन करना पड़ता है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ उनकी सुरक्षा भी प्रभावित होती है।

फुटपाथ निर्माण से पैदल यात्रियों के लिए पृथक एवं व्यवस्थित मार्ग उपलब्ध होगा। इससे सड़क पर पैदल आवागमन को व्यवस्थित करने और यातायात सुगम बनाने में भी सहायता मिलेगी। साथ ही फुटपाथों के किनारे प्रस्तावित हरित विकास से इन मार्गों का सौंदर्यीकरण एवं पर्यावरणीय गुणवत्ता बेहतर होगी।

जेडीए द्वारा उक्त फुटपाथ निर्माण कार्य के लिए लगभग 633.10 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त की जा चुकी है। कार्य की निविदाएं शीघ्र आमंत्रित की जाएंगी तथा प्रयास किया जाएगा कि दीपावली से पूर्व निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story