दीपावली पर प्रदेश के 541 मंदिरों में होगा पांच दिवसीय दीपोत्सव

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली पर प्रदेश के 541 मंदिरों में होगा पांच दिवसीय दीपोत्सव


जयपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली पर प्रदेश के मंदिरों में पांच दिवसीय दीपोत्सव भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए देवस्थान विभाग ने 541 मंदिरों में विशेष साज-सज्जा और आरती के आयोजन के लिए कुल 800.85 लाख रुपए यानी 8 करोड़ 85 हजार रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है। यह राशि मुख्यमंत्री की बजट घोषणा संख्या 123 के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत की गई है।

शासन सचिव देवस्थान विभाग शुचि त्यागी ने बताया कि दीपावली के अवसर पर विभाग के अधीन मंदिरों में विशेष साज-सज्जा और आरती के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी की ओर से 27 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, आयोजन में 352 प्रत्यक्ष प्रभार और 188 आत्मनिर्भर श्रेणी के मंदिर शामिल हैं। स्वीकृत राशि में राज्य मद से 498.50 लाख रुपए और संयुक्त निधि के मेला एवं उत्सव मद से 302.35 लाख रुपए दिए गए हैं। इस प्रकार कुल 800.85 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।

देवस्थान विभाग की ओर से जारी विवरण के अनुसार जयपुर प्रथम के 37 मंदिरों के लिए 59 लाख और जयपुर द्वितीय के 17 मंदिरों के लिए 8 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। अजमेर के 21 मंदिरों के लिए 22.60 लाख, उदयपुर के 98 मंदिरों के लिए 175.60 लाख और बीकानेर के 100 मंदिरों के लिए 148.70 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। इसी तरह जोधपुर के 17 मंदिरों के लिए 10.75 लाख, ऋषभदेव के 100 मंदिरों के लिए 141.55 लाख, कोटा के 53 मंदिरों के लिए 53.50 लाख, वृंदावन के 20 मंदिरों के लिए 30.40 लाख, हनुमानगढ़ के 21 मंदिरों के लिए 36.75 लाख और भरतपुर के 57 मंदिरों के लिए 114 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आयोजन के दौरान राजस्थान लोक उपापन में पारदर्शिता अधिनियम-2012, संबंधित नियम-2013 तथा सामान्य वित्तीय एवं लेखा नियमों की पालना सुनिश्चित करनी होगी। साथ ही प्रत्येक मंदिर में हुए वास्तविक व्यय का विवरण 15 दिन के भीतर आयुक्त कार्यालय को भेजना अनिवार्य होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768210 Articles

Share this story