फिट इंडिया अभियान के 100वें संस्करण पर धौलपुर में पुलिस और आरएसी जवानों ने निकाली साइकिल रैली

WhatsApp Channel Join Now
फिट इंडिया अभियान के 100वें संस्करण पर धौलपुर में पुलिस और आरएसी जवानों ने निकाली साइकिल रैली


धौलपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। फिट इंडिया अभियान के 100वें संस्करण के अवसर पर रविवार को धौलपुर में पुलिस और आरएसी के जवानों ने साइकिल रैली निकालकर आमजन को फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में देशभर में आयोजित 'संडेज ऑन साइकिल' कार्यक्रम के तहत इस रैली का आयोजन किया गया।

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में साइकिल रैली आरएसी लाइन धौलपुर से शुरू होकर कलेक्ट्रेट पहुंची। इसमें जिला पुलिस और आरएसी के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जवानों ने साइकिल चलाकर नियमित व्यायाम और शारीरिक गतिविधियों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और आमजन को नियमित शारीरिक गतिविधियों, साइकिलिंग एवं व्यायाम के प्रति प्रोत्साहित करना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साइकिलिंग न केवल शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखने में सहायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में भी सकारात्मक पहल है।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक जीवनशैली स्वस्थ समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार हैं। पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक दक्षता और फिटनेस उनकी कार्यक्षमता का भी अभिन्न हिस्सा है।

रैली में प्लाटून कमांडर बृजलाल, एलओ पुलिस लाइन धौलपुर मोहन सिंह और हवलदार मेजर जसराम सिंह सहित जिला पुलिस एवं आरएसी के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785425 Articles

Share this story