डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज की रेजिडेट डॉक्टर्स एसोसिएशन को मिली पहली महिला अध्यक्ष
जोधपुर, 06 नवम्बर (हि.स.)। डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज की रेजिडेट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। आरडीए में पहली बार किसी महिला चिकित्सक को अध्यक्ष पद की कमान सौंपी गई है। बायोकेमिस्ट्री विभाग की डॉ. प्रियंका सिंह को राजस्थान में किसी भी रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन का पहला महिला अध्यक्ष चुना गया है, जिसे चिकित्सा जगत में महिला नेतृत्व की एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
जनरल बॉडी मीटिंग (जीबीएम) में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया जिसमें डॉ. मुदित लवानिया को उपाध्यक्ष, डॉ. पूजा मोथसरा को महासचिव, डॉ. देवेंद्र सोनकरिया को संयुक्त सचिव, डॉ. चंद्र प्रकाश गोयल को सुपर स्पेशलिटी प्रतिनिधि और डॉ. मंजू को गल्र्स प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है।
रेजिडेंट डॉ. अजय ने बताया कि यह नई टीम चिकित्सकों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी तन्मयता से काम करेगी। कार्यकारिणी के गठन के पश्चात सभी नवयुक्त पदाधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. बीएस जोधा से शिष्टाचार भेंट की। डॉ. जोधा ने सभी को बधाई दी और डॉ. प्रियंका सिंह के अध्यक्ष चुने जाने पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की। इस दौरान डॉ. महेश खत्री, डॉ. नवीन बिश्नोई, डॉ. भरत, डॉ. नेहा सहित अन्य रेजिडेंट चिकित्सक भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

