डूंगरपुर में पंच-सरपंच के प्रथम चरण चुनाव में 76.48 प्रतिशत मतदान

WhatsApp Channel Join Now
डूंगरपुर में पंच-सरपंच के प्रथम चरण चुनाव में 76.48 प्रतिशत मतदान


डूंगरपुर में पंच-सरपंच के प्रथम चरण चुनाव में 76.48 प्रतिशत मतदान


डूंगरपुर में पंच-सरपंच के प्रथम चरण चुनाव में 76.48 प्रतिशत मतदान


डूंगरपुर में पंच-सरपंच के प्रथम चरण चुनाव में 76.48 प्रतिशत मतदान


डूंगरपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण में शनिवार को डूंगरपुर जिले की सात पंचायत समितियों की 232 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ। शाम 6 बजे तक जिले में कुल 3,97,232 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया और 76.48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पंचायत समितिवार आंकड़ों में भंडारी 83.56 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे रही, जबकि सागवाड़ा में सबसे कम 71.04 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान का निर्धारित समय पूरा होने के बाद केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए। कतारों में लगे मतदाताओं को मतदान का अवसर दिया गया। मतदान पूरा होने वाले केंद्रों पर मतगणना की प्रक्रिया भी शुरू हो गई जिसके बाद मतगणना केंद्रों पर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की निगाहें नतीजों पर टिकी रही। निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रत्याशियों की मौजूदगी में मतों की गिनती की गयी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा।

शाम 6 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार पंचायत समितिवार मतदान प्रतिशत भंडारी 83.56 प्रतिशत, चिखली 81.55 प्रतिशत, सीमलवाड़ा 79.49 प्रतिशत, झोंथरी 76.96 प्रतिशत, गलियाकोट 77.17 प्रतिशत, पाड़वा 71.87 प्रतिशत तथा सागवाड़ा 71.04 प्रतिशत रहा। इन आंकड़ों के अनुसार भंडारी में सर्वाधिक और सागवाड़ा में सबसे कम मतदान दर्ज किया गया।

जिले की सात पंचायत समितियों में कुल 5,19,410 मतदाता दर्ज हैं। प्रथम चरण में 233 ग्राम पंचायतों में से 232 में चुनाव कराया गया। सरपंच पद के लिए 1462 प्रत्याशी मैदान में रहे, जबकि 1877 में से 1870 वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हुआ। मतदान के लिए कुल 596 केंद्र बनाए गए। इनमें 108 केंद्र संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखे गए, जहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। मतदान केंद्रों पर निगरानी के लिए वीडियोग्राफी की व्यवस्था भी की गई। दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए व्हीलचेयर और स्वयंसेवकों की सहायता उपलब्ध कराई गई।

सांख्यिकी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह 10 बजे तक जिले में 80,052 मतदाताओं ने वोट डाले और मतदान प्रतिशत 15.41 रहा। दोपहर 1 बजे तक 1,94,102 वोट पड़ने के साथ मतदान प्रतिशत बढ़कर 37.37 हो गया। दोपहर 3 बजे तक कुल 2,93,011 वोट डाले जा चुके थे और मतदान प्रतिशत 56.41 दर्ज किया गया। दोपहर 3 बजे तक चिखली पंचायत समिति 61.74 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे थी, जबकि सागवाड़ा में 52.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

भंडारी पंचायत समिति की रामसोर जूना ग्राम पंचायत में सरपंच पद सहित सभी सात वार्ड पंच निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। ग्रामीणों ने आपसी सहमति से जयंतीलाल को सरपंच चुना। निर्विरोध निर्वाचन के कारण यहां इन पदों के लिए मतदान नहीं हुआ। अब उपसरपंच का चुनाव होना बाकी है।

पाड़वा पंचायत समिति की नवगठित नालवाड़ा ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या 6 में करीब 120 मतदाताओं ने परिसीमन के विरोध में मतदान का बहिष्कार किया। ग्रामीणों की मांग है कि वार्ड को पुरानी बैण ग्राम पंचायत में ही रखा जाए। उनका कहना है कि नालवाड़ा पंचायत मुख्यालय करीब सात किलोमीटर दूर है और रास्ते में नदी एवं जंगल होने के कारण आवागमन में परेशानी होगी। ग्रामीणों के अनुसार, इस संबंध में पहले भी ज्ञापन दिए गए, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।

सागवाड़ा विधायक शंकर डेचा ग्राम पंचायत डेचा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचे। उन्होंने मतदाताओं के साथ कतार में लगकर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि यह गांव की सरकार चुनने का समय है और लोग उत्साह के साथ मतदान कर रहे हैं। अपने बेटे के सरपंच प्रत्याशी होने के सवाल पर डेचा ने कहा कि पहले वह और उनकी पत्नी सरपंच रह चुके हैं। इस बार भी ग्रामीणों की इच्छा पर उनके बेटे को प्रत्याशी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण आज भी बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग कर रहे हैं और सरकार में लोगों के काम पूरे होंगे।

मतदान संपन्न होने के बाद प्रत्याशियों और समर्थकों की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं। जिन केंद्रों पर मतदान पूरा हो चुका है, वहां मतों की गिनती शुरू होने से चुनावी तस्वीर सामने आने लगी है। पुलिस एवं प्रशासन की निगरानी में मतगणना की प्रक्रिया जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766317 Articles

Share this story