राजाखेड़ा : फायरिंग करने के दो आरोपी अभिषेक और सचिन गिरफ्तार
धौलपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। जिले के राजाखेड़ा कस्बे के मेन बाजार में सरेआम फायरिंग करने के आरोपी दो बदमाशों को डीएसटी टीम एवं पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी तमंचा,कारतूस तथा एक अपाचे बाइक भी बरामद की है। पुलिस ने महज 72 घंटे में वारदात के सीसीटीवी फुटेज, मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को चिन्हित कर आरोपीगण सचिन एवं अभिषेक राजाखेडा क्षेत्र में बसई घीयाराम से आगे अंधियारी के बीहड़ों में पुलिस टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद धर दबोचा।
पुलिस से बचने के प्रयास में दोंनों आरोपी ऊंचे मिट्टी के टीले से नीचे कूदे,जिससे उनके पैरों में गंभीर चोट आई है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दोंनों आरोपियों को राजाखेड़ा सीएचसी में उपचार के बाद में जिला चिकित्सालय में पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।आरोपियों की गिरफ्तारी पर जिला पुलिस की ओर से 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित है।
जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि 6 जुलाई की शाम को बाइक सवार तीन बदमाशोंं ने राजाखेड़ा के मेन बाजार में तीन अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग की थी। इन आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं वृत्ताधिकारी वृत्त सैपउ मनोहर मीणा के सुपरविजन में थानाधिकारी गंभीर सिंह के नेतृत्व में राजाखेड़ा पुलिस, स्पेशल टीम, डीएसटी टीम एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस की टीमें वारदात के बाद आरोपियों की तलाश में धौलपुर, आगरा, मुरैना मध्यप्रदेश आदि में आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को फायरिंग के दो आरोपी अभिषेक एवं सचिन के अंधियारी के जंगल में छिपे होने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर पुलिस की टीम ने संयुक्त रुप से कार्रवाई करते हुए दोंनों आरोपी अभिषेक निवासी घडी जोनावद थाना राजाखेडा जिला धौलपुर एवं सचिन निवासी मनसुखपुरा थाना मनसुखपुरा जिला आगरा उप्र को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 01 अवैध देशी तंमचा 315 मय 05 कारतूस जिन्दा 315 बोर एवं घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक को जब्त किया है।
एसपी सांगवान ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की धरपकड़ के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस से बचकर निकलने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों आरोपी ऊंचे मिट्टी के टीले से नीचे कूद गए, जिससे उनके पैरों में गंभीर चोटें आई। पुलिस टीम द्वारा दोनों घायलों को तत्काल राजाखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय धौलपुर रेफर किया गया है। दोनों आरोपियों का उपचार पुलिस अभिरक्षा में जारी है तथा चिकित्सकीय परीक्षण एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। एसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से वारदात के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई हैं। घटना में शामिल तीसरे आरोपी लुक्का उर्फ मन्नू उर्फ प्रधुम्न निवासी मक्खाकी थाना राजाखेडा जिला धौलपुर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही वारदात के पीछे के कारणों एवं अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में भी गहन अनुसंधान जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

