आतिशबाजी से बिगड़ी जयपुर की आबोहवा को सुधारने के लिए निगम कर रहा पानी का छिडक़ाव

WhatsApp Channel Join Now
आतिशबाजी से बिगड़ी जयपुर की आबोहवा को सुधारने के लिए निगम कर रहा पानी का छिडक़ाव


जयपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। दीपोत्सव पर जयपुर में जमकर आतिशबाजी हुई। इससे जयपुर की एयर क्वालिटी बेहद खराब स्तर पर पहुंच गई है। इसे सुधारने के लिए जयपुर नगर निगम ने प्रयास शुरू कर दिए है। एयर क्वालिटी सुधारने के लिए निगम पानी का छिडक़ाव करवा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर में बढ़े वायु प्रदूषण को कम करने के लिए निगम की ओर से पानी का छिडक़ाव किया जा रहा है। इसके लिए एंटी स्मॉग मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। इन मशीनों को अलग-अलग इलाकों में घूमाकर हवा में मौजूद धूल और प्रदूषक कणों को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार दीपोत्सव के बाद आतिशबाजी और अन्य कारणों से शहर की एयर क्वालिटी प्रभावित हुई है। ऐसे में हवा की गुणवत्ता में सुधार के लिए एंटी स्मॉग मशीनें लगाई गई हैं। इन मशीनों से पानी की बेहद हल्की फुहार छोड़ी जाती है। इससे हवा में मौजूद धूल और कुछ प्रदूषक कण पानी की बूंदों के साथ नीचे बैठने में मदद मिलती है। निगम की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में इन मशीनों का संचालन कर रही हैं, ताकि स्थानीय स्तर पर धूल और हवा में मौजूद कणों को कम किया जा सके।

फिलहाल जयपुर में चार मशीनें अलग-अलग क्षेत्रों में संचालित की जा रही हैं। इनमें एक मशीन मानसरोवर और मालवीय नगर क्षेत्र में, दूसरी विद्याधर नगर और झोटवाड़ा क्षेत्र में, तीसरी सिविल लाइंस और किशनपोल क्षेत्र में और चौथी हवामहल और आमेर जोन में लगाई गई है। ताकि शहर के अलग-अलग हिस्सों में मशीनों के जरिए हवा की गुणवत्ता सुधारने में मदद मिले। मशीन से निकलने वाली पानी की बौछार से हवा में फैली गंदगी और प्रदूषण के कारण नीचे आ जाते हैं, जिससे हवा शुद्ध और साफ हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story