शोकसभा में अचानक भड़की आग, 21 लोग झुलसे: गैस रिसाव के बाद चूल्हा जलाते ही सिलेंडर ने पकड़ी आग

WhatsApp Channel Join Now
शोकसभा में अचानक भड़की आग, 21 लोग झुलसे: गैस रिसाव के बाद चूल्हा जलाते ही सिलेंडर ने पकड़ी आग


कोटपूतली-बहरोड़, 21 नवंबर (हि.स.)। बानसूर क्षेत्र के बाढ़मिलकपुर (रसनाली) गांव में शनिवार को एक शोकसभा उस समय चीख-पुकार में बदल गई, जब घर में रखे गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने चौक में लगे टेंट और दरी को भी चपेट में ले लिया। हादसे में शोकसभा में शामिल 21 लोग झुलस गए, जिनमें से 15 की हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर रेफर किया गया है। छह घायलों का कोटपूतली जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार बाढ़ मिलकपुर निवासी जयराम कसाना (80) का शुक्रवार को निधन हो गया था। शनिवार को उनके घर पर शोकसभा चल रही थी। इस दौरान घर के चौक में करीब 50 महिला-पुरुष मौजूद थे। घर के एक हिस्से में गैस सिलेंडर रखा हुआ था, जिसमें से रिसाव हो रहा था, लेकिन परिजनों को इसकी जानकारी नहीं थी।

घर की एक महिला जैसे ही रसोई में चाय बनाने के लिए चूल्हा जलाने पहुंची, रिसाव के कारण जमा हुई गैस ने आग पकड़ ली। आग तेजी से भड़की और चौक में रखे सिलेंडर तक पहुंच गई। कुछ ही पलों में टेंट और दरी भी आग की चपेट में आ गए।

शोकसभा में मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। इसके बाद एंबुलेंस के साथ-साथ निजी वाहनों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद 15 गंभीर घायलों को जयपुर रेफर किया गया। इनमें कोटपूतली अस्पताल से 12 और बानसूर से 3 घायल शामिल हैं। बानसूर से दो अन्य घायलों को कोटपूतली भेजा गया। फिलहाल छह घायलों का कोटपूतली जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जयपुर के एसएमएस अस्पताल के कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. रशिम कटारिया के अनुसार ज्यादातर घायलों के 20 से 40 प्रतिशत तक झुलसने की जानकारी है। कुछ मरीज करीब 50 प्रतिशत तक भी झुलसे हैं। सभी घायलों को बर्न आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है और उनकी स्थिति की चिकित्सकीय निगरानी की जा रही है।

घटना की सूचना के बाद बानसूर एसडीएम नवनीत कुमार और तहसीलदार उप जिला अस्पताल पहुंचे तथा घायलों और परिजनों से घटना की जानकारी ली। हादसे के बाद गांव में भी हड़कंप का माहौल है। प्रशासन और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781109 Articles

Share this story