जनाना अस्पताल की भोजनशाला में आग
उदयपुर, 25 मई (हि.स.)। उदयपुर शहर के एमबी हॉस्पिटल स्थित जनाना अस्पताल में संचालित नि:शुल्क भोजनशाला में सोमवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में रोटियां बना रही 65 वर्षीय महिला मामूली रूप से झुलस गई, जबकि भोजनशाला में मौजूद कर्मचारी और भोजन कर रहे लोग जान बचाने के लिए बाहर भाग निकले। घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भोजनशाला में अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद वहां धुआं और आग फैल गई। उस समय कई लोग भोजन कर रहे थे, जिन्होंने घबराकर अपनी प्लेटें वहीं छोड़ दीं और बाहर निकल गए। भोजनशाला में कार्यरत स्टाफ ने भी तत्काल बाहर भागकर अपनी जान बचाई।
हादसे के दौरान भोजनशाला में रोटियां बना रही मालदास स्ट्रीट निवासी सज्जन बाई (65) झुलस गई। उन्होंने बताया कि वे पिछले डेढ़ माह से यहां काम कर रही हैं। रोटी बनाने की मशीन से जुड़े बिजली के तार में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क उठी। आग देखकर वे तुरंत नहीं उठ सकीं और इसी दौरान उनकी साड़ी ने आग पकड़ ली। इससे उनके हाथ-पैर झुलस गए तथा सिर के आगे के बाल भी जल गए। बाद में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद भोजनशाला संचालक और स्टाफ ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शी एवं उसी परिसर के प्रथम तल पर संचालित कैंटीन के संचालक भूपेंद्र सिंह धायभाई ने बताया कि धमाके की आवाज सुनते ही वे अपने स्टाफ के साथ नीचे पहुंचे। वहां सिलेंडर के बाहर प्रेशर से गैस निकलती दिखाई दी, जिससे आग भड़क रही थी। उन्होंने अस्पताल की सप्लाई पाइप लाइन से पानी लेकर आग बुझाने का प्रयास किया तथा सिलेंडर का प्रेशर रोककर उसे सुरक्षित स्थान पर सड़क की ओर फेंक दिया। उनका कहना था कि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद एहतियात के तौर पर भोजनशाला को अस्थायी रूप से बंद कर सभी गैस सिलेंडरों को बाहर सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

