जन्माष्टमी पर इस्कॉन मंदिर में गैस सिलेंडर में लगी आग

WhatsApp Channel Join Now
जन्माष्टमी पर इस्कॉन मंदिर में गैस सिलेंडर में लगी आग


जयपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। जन्माष्टमी के मौके पर शुक्रवार को मुहाना स्थित इस्कॉन मंदिर में गैस सिलेंडर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मंदिर परिसर में भट्टी जलाते समय अचानक गैस सिलेंडर ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग की लपटें वीआईपी पंडाल तक पहुंच गईं। हादसे के दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, जिससे हड़कंप मच गया।

आग की सूचना मिलते ही मुहाना थाने में तैनात कांस्टेबल कान सिंह ने साहस का परिचय देते हुए आग के बीच पहुंचकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्होंने जलते हुए गैस सिलेंडर को उठाकर परिसर से बाहर फेंक दिया। आसपास कई अन्य गैस सिलेंडर रखे होने के कारण आग के फैलने और बड़े हादसे का खतरा था, लेकिन कांस्टेबल की सूझबूझ से स्थिति बिगड़ने से बच गई।

इधर घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस और दमकलकर्मियों की तत्परता से आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। इससे मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं की जान पर मंडरा रहा बड़ा खतरा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कांस्टेबल कान सिंह ने अपनी जान की परवाह किए बिना आग के बीच जाकर श्रद्धालुओं को बाहर निकाला और जलते सिलेंडर को परिसर से बाहर फेंका। उनकी इस बहादुरी और त्वरित कार्रवाई की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।

जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री का शुक्रवार शाम इस्कॉन मंदिर आने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित बताया गया है। मुख्यमंत्री के दौरे से पहले मंदिर परिसर में आग की घटना के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story