सीतापुरा की ज्वेलरी फैक्ट्री में आग से दो कर्मचारियों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
सीतापुरा की ज्वेलरी फैक्ट्री में आग से दो कर्मचारियों की मौत


जयपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। सांगानेर सदर थाना इलाके के सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित सोने की ज्वेलरी बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि चार कर्मचारी बेहोश हो गए। इस हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। बेहोश कर्मचारियों को उपचार के लिए महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।

थानाधिकारी कमलेश कुमार के अनुसार सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित आइडियल फिजिकल सर्विसेज लिमिटेड में सोने की ज्वेलरी बनाने का काम होता है। गुरुवार को फैक्ट्री में कर्मचारी काम कर रहे थे, तभी अचानक आग लग गई। आग के साथ फैले धुएं से कर्मचारियों को संभलने का मौका नहीं मिला और परिसर में हड़कंप मच गया। हादसे में दो कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार कर्मचारी बेहोश हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों की मौत दम घुटने से होने की आशंका है। आग लगने के समय को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई है।

हादसे में उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के निवासी रजनीश (19) और मध्यप्रदेश के रीवा निवासी सरस्वती (45) की मौत हो गई। वहीं उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी अजय पाल (26), पश्चिम बंगाल के मिदनापुर निवासी लालमोहन (20) तथा मध्यप्रदेश के रीवा निवासी संदीप सिंह (19) और बबूल (32) सहित पांच कर्मचारियों के बेहोश होने की जानकारी है। सभी घायलों को महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य किया। आग पर काबू पाने के बाद हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की गई। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। जांच में यह भी देखा जाएगा कि फैक्ट्री में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं तथा कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए क्या व्यवस्थाएं की गई थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765172 Articles

Share this story