पुरोहित जी का कटला अग्निकांड: पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लिया जायजा
जयपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। प्रसिद्ध और ऐतिहासिक 'पुरोहित जी के कटला' के सेठी कॉम्प्लेक्स में गुरुवार को हुए भीषण अग्निकांड के बाद शुक्रवार को भी क्षेत्र के बाजारों में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। आग की चपेट में आने से 25 दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो गईं, जिससे व्यापारियों को करोड़ों रुपए के माल का नुकसान हुआ है। त्रासदी से टूटे व्यापारी अपनी दुकानों के बाहर मायूस खड़े नजर आए और अब शासन-प्रशासन से त्वरित सहायता की गुहार लगा रहे हैं।
शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस विधायक रफीक खान और जयपुर शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा के साथ सेठी कॉम्प्लेक्स पहुंचे। उन्होंने अग्निकांड प्रभावित क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया और पीड़ित दुकानदारों से बातचीत कर उनके नुकसान की जानकारी ली। अग्निकांड के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अशोक गहलोत ने नगर निगम और प्रशासन की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार किया। गहलोत ने कहा कि व्यापारियों के अनुसार बाजार में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम काम नहीं कर रहे थे। नगर निगम की जिम्मेदारी है कि वह समय-समय पर इनकी जांच करे, लेकिन इसमें बड़ी लापरवाही बरती गई। उन्होंने कहा कि कई जगह राजनीतिक रसूख के बल पर फायर एनओसी जारी कर दी जाती हैं। पास की ही एक इमारत का जिक्र करते हुए उन्होंने मांग की कि दबाव में जारी की गई एनओसी की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि गनीमत रही कि आग लगने के समय बाजार बंद था, यदि यह हादसा कामकाजी समय में होता तो भारी जनहानि हो सकती थी। हालांकि, उन्होंने समय पर पहुंची एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम की तत्परता की सराहना की।
गहलोत ने कहा कि व्यापारी सरकार को नियमित टैक्स देते हैं, ऐसे में केवल बीमा कंपनियों के भरोसे उन्हें नहीं छोड़ा जा सकता। उन्होंने मांग उठाई कि सरकार के किसी जिम्मेदार मंत्री या प्रतिनिधि को तुरंत मौके पर पहुंचकर पीड़ितों से बात करनी चाहिए। मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रभावित व्यापारियों को बुलाकर उनकी समस्याएं सुनी जाएं और राहत पैकेज जारी किया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

