अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दल बूथों के लिए रवाना
उदयपुर, 10 सितम्बर (हि.स.)। नगरीय निकाय चुनाव 2026 के द्वितीय चरण के मतदान को लेकर उदयपुर जिले में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शुक्रवार को उदयपुर नगर निगम, नगरपालिका मावली और कानोड़ में होने वाले मतदान के लिए गुरुवार को मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के बाद मतदान दल चुनाव सामग्री लेकर अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए।
नगर निगम उदयपुर के मतदान दलों को सुखाड़िया रंगमंच सभागार में प्रशिक्षण दिया गया, जबकि मावली और कानोड़ के मतदान दलों का प्रशिक्षण दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने मतदान कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया और निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी कीर्ति राठौड़ के निर्देशन में सहायक प्रभारी डॉ. महामाया प्रसाद चौबीसा ने पीठासीन अधिकारियों के साथ मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय को प्रशिक्षण दिया। कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया के दौरान उनकी भूमिका, जिम्मेदारियों और निर्वाचन संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उदयपुर नगर निगम क्षेत्र के मतदान दल राजस्थान कृषि महाविद्यालय पहुंचे, जहां से उन्होंने आवश्यक चुनाव सामग्री प्राप्त की। इसके बाद सभी दल अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए।
वहीं मावली और कानोड़ नगरपालिका क्षेत्रों के मतदान दलों को उनके आवंटित नगरपालिका मुख्यालयों पर बनाए गए वितरण एवं संग्रहण केंद्रों से चुनाव सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
द्वितीय चरण के मतदान के लिए 10 प्रतिशत आरक्षित दलों सहित करीब 500 मतदान दल निर्वाचन क्षेत्रों के लिए रवाना हो रहे हैं। प्रत्येक मतदान दल में चार कार्मिक शामिल हैं। मतदान दलों के बूथों पर पहुंचने के साथ ही मतदान की अंतिम तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।
शुक्रवार को मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर उदयपुर नगर निगम सहित मावली और कानोड़ की स्थानीय सरकार के लिए अपने प्रतिनिधि चुनेंगे। प्रशासन ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने का दावा किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

