विद्युत निगमों में तकनीशियन भर्ती के ग्रुप-2 का अंतिम परिणाम जारी, 30 अभ्यर्थियों का चयन

WhatsApp Channel Join Now
विद्युत निगमों में तकनीशियन भर्ती के ग्रुप-2 का अंतिम परिणाम जारी, 30 अभ्यर्थियों का चयन


जयपुर, 16 जून (हि.स.)। विद्युत निगमों में तकनीशियन-तृतीय (आईटीआई), ऑपरेटर-तृतीय (आईटीआई) एवं प्लांट अटेंडेंट-तृतीय (आईटीआई) भर्ती परीक्षा के ग्रुप-2 (इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक/कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट) का अंतिम परिणाम मंगलवार को जारी कर दिया गया। कुल विज्ञापित 30 पदों पर अंतिम रूप से 30 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

चयनित अभ्यर्थियों की सूची विद्युत निगमों की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।

दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा दिए गए विकल्पों के आधार पर उन्हें उत्पादन निगम के विद्युत गृह भी आवंटित कर दिए गए हैं। नियुक्ति आदेश अलग से जारी किए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि तकनीशियन-तृतीय (आईटीआई) के कुल 2,163 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन गत वर्ष 24 से 27 नवंबर तक किया गया था।

प्रारंभिक परीक्षा के प्राप्तांकों के आधार पर लगभग दस गुना अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। मुख्य परीक्षा 23 फरवरी 2026 को आयोजित हुई थी।

मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन अप्रैल 2026 में जयपुर में किया गया था। ग्रुप-2 के लिए दस्तावेज सत्यापन हेतु कुल 63 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से अंतिम रूप से 30 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को एसएमएस के माध्यम से भी सूचना भेजी गई है।

विद्युत निगमों ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के अंतिम चरण में ग्रुप-1 का परिणाम जून के अंतिम सप्ताह में जारी किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story