राजस्थान में विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद 5.15 करोड़ से अधिक मतदाताओं की अंतिम सूची जारी

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद 5.15 करोड़ से अधिक मतदाताओं की अंतिम सूची जारी


जयपुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान में 199 विधानसभा क्षेत्रों (अन्ता को छोड़कर) की मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। 21 फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया, जिसमें कुल 5 करोड़ 15 लाख 19 हजार 929 मतदाता शामिल हैं।

इस व्यापक पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत 27 अक्टूबर 2025 को हुई थी। प्रारंभिक सूची में 5 करोड़ 46 लाख 56 हजार 215 मतदाता थे। ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद नए नाम जोड़ने, अपात्र नाम हटाने और प्रविष्टियों में संशोधन की प्रक्रिया पूरी की गई। अंतिम प्रकाशन तक कुल 10,48,605 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि हुई, जो 2.08 प्रतिशत है।

अंतिम सूची में 2,69,57,881 पुरुष, 2,45,61,486 महिला और 562 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। लिंगानुपात में भी सुधार हुआ है, जो ड्राफ्ट प्रकाशन के समय 909 था, वह बढ़कर 911 हो गया है।

जयपुर, कोटा, अजमेर, सिरोही, डूंगरपुर, बूंदी, झालावाड़ और बारां जिलों में लिंगानुपात में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

18 से 19 वर्ष आयुवर्ग के 4,35,061 नए युवा मतदाता सूची में जुड़े हैं। यह वृद्धि युवाओं की बढ़ती लोकतांत्रिक भागीदारी का संकेत है। जयपुर, बाड़मेर, भरतपुर, फलौदी और बूंदी जिलों में युवा मतदाताओं की संख्या में विशेष बढ़ोतरी देखी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान नवीन महाजन ने इस सफल पुनरीक्षण के लिए राज्य के मतदाताओं, निर्वाचन अधिकारियों, बीएलओ, वालंटियर्स और राजनीतिक दलों का आभार जताया।

उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया संविधान के अनुच्छेद 326 और निर्वाचन आयोग के आदर्श वाक्य - कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई भी अपात्र शामिल न हो के अनुरूप संपन्न की गई।

मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन की प्रक्रिया सतत जारी रहेगी। संबंधित फॉर्म ऑनलाइन अथवा बीएलओ के माध्यम से भरे जा सकते हैं। अन्ता विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 12 मार्च 2026 को किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story