जयपुर में त्योहारों की धूम: पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया अलर्ट
जयपुर, 19 मार्च (हि.स.)। गुलाबी नगरी जयपुर में त्योहारों का सीजन शुरू हो गया है। नवरात्रि स्थापना के साथ ही देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। आगामी दिनों में ईद, गणगौर और रामनवमी भी बड़े उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर शहर में कानून और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस ने कड़ा अलर्ट कर दिया है।
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) डॉ. राजीव पचार ने बताया कि भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। सार्वजनिक स्थानों और शोभायात्राओं में वर्दीधारी और सादे वस्त्रों में पुलिस की टीमें लगातार निगरानी रखेंगी। शहर में फ्लैग मार्च निकाले गए और ड्रोन के माध्यम से संवेदनशील इलाकों का सर्वे किया गया।
पुलिस ने ईद के मौके पर बड़ी नमाज के लिए ईदगाह और अन्य मस्जिदों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था कर दी है। जुलूस और शोभायात्राओं के रूट का सर्वे कर आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। इसके अलावा चैन, पर्स और मोबाइल स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से अभय कमांड सेंटर से भीड़भाड़ में अशांति फैलाने वाले तत्वों पर निगरानी रखी जा रही है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साइबर टीम ऐसे कंटेंट को काउंटर करने के लिए मुस्तैद है।
डॉ. पचार ने कहा कि अगले पांच-छह दिन लगातार त्योहार हैं, इसलिए कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोपरि है। जनता से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
इस सुरक्षा कवरेज के बीच जयपुर वासियों और पर्यटकों को उत्सवों का आनंद सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में लेने का अवसर मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

