तारबंदी योजना से सुरक्षित हुई फसल
ग्राम रथ अभियान से बढ़ी जागरूकता, किसानों को मिल रहा लाभ
जोधपुर, 02 मई (हि.स.)। राजस्थान सरकार द्वारा कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान 2026 के तहत ग्राम पंचायत गगाड़ी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा ग्रामीणों को कृषि, पशुपालन, पंचायती राज, राजस्व सहित अन्य विभागों की योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही एलईडी के माध्यम से योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम गगाड़ी निवासी कृषक अचलाराम पुत्र बीरमाराम पालीवाल को तारबंदी अनुदान योजना के अंतर्गत 29 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। इस योजना के माध्यम से वे अपने खेत की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकेंगे, जिससे फसलों को पशुओं से होने वाले नुकसान से बचाया जा सकेगा। कृषक अचलाराम ने बताया इस योजना से उनकी खेती को नया संबल मिलेगा और उत्पादन में सुधार की संभावना बढ़ेगी। उन्होंने राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं किसानों के हित में अत्यंत लाभकारी हैं।
ओसियां विधानसभा क्षेत्र की पंचायत समिति तिंवरी की ग्राम पंचायत मालूंगा के निवासी प्रेम पुत्र कालूराम प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से बदले अपने जीवन के कारण क्षेत्र में प्रेरणा का स्रोत बन रहे हैं। प्रेम ने बताया कि पहले कच्चे मकान में रहने के कारण हर मौसम में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्का मकान मिलने से उनके परिवार को राहत मिली है। उन्होंने कहा कि अब न केवल उनका जीवन स्तर बेहतर हुआ है, बल्कि उन्हें आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का विश्वास भी मिला है। उन्होंने अन्य ग्रामीणों से भी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान करते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बताया कि रविवार को लूणी विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति मण्डोर की ग्राम पंचायत नान्दड़ा कलां एवं पंचायत समिति धवा की ग्राम पंचायत रोहिचाकला, पीपरली एवं सुबदण्ड में ग्राम रथों की अगली कड़ी संचालित होगी।
इसी क्रम में बिलाड़ा विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति बिलाड़ा की ग्राम पंचायत जैतिवास, बीजासनी, मालकोसनी, पडासला एवं हरियाड़ा, भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति मण्डोर की ग्राम पंचायत गुजरावास, सूरपुरा खुर्द, लोरडी पंडितजी तथा ओसियां विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति तिंवरी की ग्राम पंचायत चेराई, बड़ला बासनी, धोलिया नगर, गोपासरिया एवं भैंसेर कोटवाली में भी अभियान की गतिविधियां संचालित होंगी। इसके अतिरिक्त शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पंचायत समिति सेखाला की ग्राम पंचायत डेडा चक-3, देड़ा, बावड़ी, केतू मदा, केतू कल्ला, केतू हेमा, धीरपुरा एवं जवाहरनगर में भी ग्राम रथ पहुंचकर किसानों को योजनाओं की जानकारी प्रदान करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

