राजस्थान विधानसभा पहुंचीं 500 छात्राएं, लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को करीब से जाना

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान विधानसभा पहुंचीं 500 छात्राएं, लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को करीब से जाना


राजस्थान विधानसभा पहुंचीं 500 छात्राएं, लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को करीब से जाना


जयपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। लोकतंत्र को किताबों में पढ़ने के साथ उसकी कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझने की पहल करते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की राजस्थान विश्वविद्यालय इकाई ने अनूठा अभियान शुरू किया है। इसके तहत राजस्थान विश्वविद्यालय की 1000 छात्राओं को राजस्थान विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण करवाने का संकल्प किया गया है। 27 अक्टूबर से शुरू हुए 10 दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक महारानी महाविद्यालय की लगभग 500 छात्राएं विधानसभा का भ्रमण कर चुकी हैं। इस पहल के माध्यम से छात्राओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, विधायी प्रक्रिया और संसदीय कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिल रहा है।

कार्यक्रम के दौरान राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को विधानसभा की कार्यप्रणाली और जनप्रतिनिधियों की भूमिका से परिचित कराया। संवाद के दौरान छात्राओं को यह समझने का अवसर मिला कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में कानून निर्माण, जनहित के मुद्दों और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों का कितना महत्व है। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं में संवैधानिक मूल्यों के प्रति समझ विकसित करने के साथ उन्हें लोकतंत्र में अपनी भूमिका और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाना है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश मंत्री शुभेंद्र सिंह निर्वाण ने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास केवल कक्षा-कक्ष तक सीमित नहीं रहना चाहिए। विद्यार्थियों को देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक व्यवस्थाओं को प्रत्यक्ष रूप से समझने के अवसर भी मिलने चाहिए। राजस्थान विश्वविद्यालय की 1000 छात्राओं को विधानसभा का भ्रमण करवाने का संकल्प इसी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस पहल से छात्राएं विधानसभा की कार्यप्रणाली को करीब से समझ सकेंगी और लोकतंत्र में अपनी भूमिका तथा जिम्मेदारियों के प्रति अधिक जागरूक बनेंगी।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थी परिषद भविष्य में भी विद्यार्थियों के शैक्षणिक, बौद्धिक और व्यक्तित्व विकास के लिए इस प्रकार के रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

दस दिवसीय अभियान के अंतर्गत अब तक लगभग 500 छात्राएं राजस्थान विधानसभा का भ्रमण कर चुकी हैं। परिषद की योजना आगामी दिनों में शेष छात्राओं को भी विधानसभा ले जाने की है, ताकि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार राजस्थान विश्वविद्यालय की कुल 1000 छात्राएं इस शैक्षणिक पहल का लाभ उठा सकें। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोड़ने और उन्हें जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इस अवसर पर राजस्थान विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष विशाल उज्जैनिया, इकाई मंत्री हर्षवर्धन खर्रा, महारानी महाविद्यालय इकाई अध्यक्ष संजू चौधरी, इकाई मंत्री चीना शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768643 Articles

Share this story