मदरसे में छात्राओं से सेफ्टी टैंक की सफाई कराना शर्मनाक, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई : गृह राज्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
मदरसे में छात्राओं से सेफ्टी टैंक की सफाई कराना शर्मनाक, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई : गृह राज्यमंत्री


जयपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। गृह राज्यमंत्री जवाहरसिंह बेढ़म ने डीग जिले की पहाड़ी तहसील के मीलखेड़ा स्थित मदरसे में सेफ्टी टैंक की सफाई के दौरान हुए हादसे को अत्यंत गंभीर, निंदनीय और शर्मनाक बताते हुए कहा कि अध्ययनरत छात्राओं से इस तरह का जोखिमपूर्ण कार्य कराना नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

भरतपुर के सर्किट हाउस में शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए गृह राज्यमंत्री ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया था। हादसे में एक छात्रा की मौत अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है, जबकि घायल छात्राओं का अलवर के अस्पताल में उपचार जारी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अलवर जिला प्रशासन को घायल छात्राओं के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं तथा डीग जिला कलक्टर पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

बेढ़म ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान में पढ़ाई कर रही छात्राओं से सेफ्टी टैंक की सफाई जैसा खतरनाक कार्य कराना गंभीर लापरवाही का मामला है। उन्होंने कहा कि इस घटना पर केवल संस्थान संचालकों ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

उन्होंने बताया कि मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और निष्पक्ष जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकार की पहली प्राथमिकता घायल छात्राओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें जल्द स्वस्थ कर पुनः शिक्षा से जोड़ना है।

गृह राज्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी, जिससे भविष्य में किसी भी बच्चे को ऐसी दर्दनाक और दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति का सामना न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story