छात्राओं के साथ कथित अश्लील हरकत के आरोप पर बवाल, पांच घंटे सड़क जाम
अजमेर, 12 अगस्त(हि.स.)। राजकीय सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में छात्राओं के साथ कथित अश्लील हरकतों के आरोप को लेकर बुधवार को छात्राओं और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। छात्राओं ने सड़क पर जाम लगाकर करीब पांच घंटे तक प्रदर्शन किया और आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपखंड अधिकारी सुरेश बलाई, पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा, तहसीलदार और थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद चौधरी अतिरिक्त पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं और ग्रामीणों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली तथा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रशासन की ओर से बैठक आयोजित की गई।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बहादुर सिंह ने बताया कि कार्यवाहक प्रभारी राजेंद्र पंवार को एपीओ कर बीकानेर भेजा गया है, जबकि शिक्षक दिनेश जैन को भी एपीओ कर लाडनूं भेजा गया है। प्रशासन के आश्वासन के बाद करीब पांच घंटे से चल रहा प्रदर्शन समाप्त हुआ और छात्राओं व ग्रामीणों ने सड़क से जाम हटा लिया। इसके बाद मौके पर स्थिति शांत हुई। मामले की जांच जारी है और छात्राओं की रिपोर्ट एवं जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

