कर्मचारियों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से मिले महासंघ पदाधिकारी
जयपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। कर्मचारी महासंघ (एकीकृत) के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात कर कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर चर्चा की। महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने गजेन्द्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मुलाकात की और प्रदेश में नवीन भर्तियों के लिए उनका आभार जताया।
मुख्यमंत्री आवास से बुलावे पर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दे मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना।
बैठक में 8-16-24-32 चयनित वेतनमान, संविदा एवं ठेका कर्मचारियों के लिए कंपनी गठन, मंत्रालयिक कर्मचारियों तथा वाहन चालक-तकनीकी कर्मचारी संवर्ग की वेतन विसंगतियों सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा जनता जल कर्मचारियों को नियमित करने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों से जुड़े अन्य लंबित मुद्दों के समाधान की भी मांग की। महासंघ पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारी हितों से जुड़े इन मुद्दों के समाधान से प्रदेश के कर्मचारियों को राहत मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल में महासंघ के महामंत्री मोहनलाल शर्मा, वाहन चालक तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष अजयवीर सिंह, राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष शेर सिंह यादव और संयुक्त वित्त मंत्री ओमप्रकाश चौधरी शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

