शिविरा पंचांग में अवकाश कटौती के विरोध में शैक्षिक महासंघ ने शिक्षा मंत्री से की मुलाकात
जयपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) ने शिविरा पंचांग में किए गए संशोधनों का कड़ा विरोध करते हुए शिक्षा मंत्री मदन लाल दिलावर से मुलाकात कर त्वरित संशोधन की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा और उपाध्यक्ष (उदयपुर संभाग) अभय सिंह राठौड़ सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
महासंघ के प्रदेश महामंत्री लखारा ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा निदेशक द्वारा जारी शिविरा पंचांग में संशोधन कर शिक्षकों के अवकाश में कटौती की गई है, जिससे प्रदेशभर के शिक्षकों में आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय स्तर पर जानबूझकर शिक्षक हितों की अनदेखी की जा रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री को बताया कि पहले ही शिक्षकों को अन्य विभागों की तुलना में कम अवकाश मिलते हैं, ऐसे में नए संशोधन से स्थिति और खराब हुई है। संस्थाप्रधान द्वारा अधिकृत अवकाश में भी कटौती से नाराजगी बढ़ी है।
प्रदेश अध्यक्ष पुष्करणा ने कहा कि संगठन ने अवकाश कटौती का विरोध करते हुए पुनः संशोधित पंचांग जारी करने की मांग की है। साथ ही सुझाव दिया गया कि यदि अवकाश में कटौती की जाती है तो शिक्षकों को भी अन्य कार्मिकों की तरह 30 पीएल (प्रिविलेज लीव) दी जाए।
शिक्षा मंत्री मदन लाल दिलावर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले में शीघ्र उचित समाधान किया जाएगा।
महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 9 अप्रैल को स्थायी कार्यसमिति की आपात वर्चुअल बैठक में आगामी रणनीति तय की जाएगी।
इस दौरान प्रदेश सभाध्यक्ष संपत सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि आचार्य, महिला उपाध्यक्ष सुषमा विश्नोई, प्रदेश मंत्री अमरजीत सिंह, महिला मंत्री गीता जैलिया, अतिरिक्त प्रदेश महामंत्री बसंत जिंदल, कोषाध्यक्ष कैलाश कच्छावा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अवकाश कटौती पर नाराजगी जताते हुए इसे शिक्षक हितों के खिलाफ बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

