नाक बंद और सांस में रुकावट से परेशान पिता-पुत्र की एक साथ हुई सर्जरी

WhatsApp Channel Join Now
नाक बंद और सांस में रुकावट से परेशान पिता-पुत्र की एक साथ हुई सर्जरी


जयपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जयपुर के बगरू निवासी पिता-पुत्र की एक जैसी नाक संबंधी समस्या का इलाज एक ही दिन सवाई मानसिंह अस्पताल के ईएनटी विभाग में किया गया। 49 वर्षीय रामबाबू प्रजापति और उनके 22 वर्षीय पुत्र लोकेश लंबे समय से नाक बंद रहने और सांस लेने में परेशानी से जूझ रहे थे। दोनों ने उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल के ईएनटी विभाग के वरिष्ठ आचार्य डॉ. पवन सिंघल से परामर्श लिया।

डॉ. पवन सिंघल ने बताया कि जांच में पिता और पुत्र दोनों की नाक की हड्डी टेढ़ी होने के साथ टर्बाइनेट बढ़े हुए पाए गए। इसके कारण दोनों को नाक से सांस लेने में रुकावट और लगातार नाक बंद रहने की समस्या हो रही थी। समस्या को देखते हुए दोनों को सर्जरी की सलाह दी गई। इसके बाद रामबाबू और लोकेश को एसएमएस अस्पताल में भर्ती किया गया। ईएनटी विभाग में दोनों की सर्जरी एक ही दिन की गई। एक ही परिवार के पिता और पुत्र का एक जैसी नाक संबंधी बीमारी के लिए एक ही दिन और एक ही विभाग में ऑपरेशन होना इस मामले को खास बनाता है।

सर्जरी के बाद पिता-पुत्र दोनों की स्थिति में सुधार हुआ है। नाक से सांस लेने में आ रही रुकावट दूर होने से दोनों को राहत मिली है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल दोनों स्वस्थ हैं और उनकी सांस लेने की समस्या में सुधार हुआ है।

एसएमएस अस्पताल में एक ही दिन पिता-पुत्र की समान बीमारी का उपचार और सर्जरी परिवार के लिए राहत देने वाली रही। दोनों को लंबे समय से चली आ रही नाक बंद रहने और सांस लेने में परेशानी से निजात मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story