फतहनगर चेयरमैन चुनाव में बड़ा ट्विस्ट, कांग्रेस प्रत्याशी ने नामांकन लिया वापस

WhatsApp Channel Join Now
फतहनगर चेयरमैन चुनाव में बड़ा ट्विस्ट, कांग्रेस प्रत्याशी ने नामांकन लिया वापस


उदयपुर, 18 सितम्बर (हि.स.)। नगर पालिका चेयरमैन पद के चुनाव में शुक्रवार को नाम वापसी के बाद सियासी तस्वीर बदल गई। कांग्रेस प्रत्याशी सोसर ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद अब चेयरमैन पद के लिए भाजपा की सीमा और भाजपा पार्षद एवं पूर्व चेयरमैन राजेश चपलोत की पत्नी ममता चपलोत निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। चेयरमैन पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित है।फतहनगर-सनवाड़ नगर पालिका में कुल 25 वार्ड हैं। इनमें भाजपा के 13 और कांग्रेस के 12 पार्षद हैं। नाम वापसी के बाद अब दोनों प्रत्याशियों के बीच मुकाबला रह गया है। चुनाव 21 सितंबर को होना है।ममता चपलोत के निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरने को पूर्व चेयरमैन राजेश चपलोत की संगठन से कथित नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि संगठन में अपेक्षित तवज्जो नहीं मिलने से नाराजगी के चलते उन्होंने अपनी पत्नी ममता चपलोत का नामांकन चेयरमैन पद के लिए करवाया। इसी बीच राजेश चपलोत की संपत्ति देवीलीला पैलेस से जुड़े अवैध निर्माण और भू-उपयोग का मामला भी चर्चा में है। नगर पालिका की ओर से 17 सितंबर को होटल देवीलीला पैलेस पर नोटिस चस्पां कर अवैध निर्माण और भू-उपयोग से संबंधित दस्तावेज एक दिन के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद उदयपुर स्थित राजेश चपलोत के आवास पर यूडीए की ओर से नोटिस दिए जाने की बात भी सामने आई। हालांकि चपलोत के परिवार की ओर से नोटिस की तारीख और उसे दिए जाने के समय को लेकर सवाल उठाए गए हैं। इन आपत्तियों पर संबंधित प्रशासनिक पक्ष की स्थिति सामने आना बाकी है।नाम वापसी के बाद अब 21 सितंबर को होने वाले चेयरमैन पद के चुनाव पर राजनीतिक दलों के साथ ही स्थानीय लोगों की भी नजरें टिकी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story