एमएसपी पर बाजरा खरीद की मांग को लेकर किसान संघ ने भरी हुंकार

WhatsApp Channel Join Now
एमएसपी पर बाजरा खरीद की मांग को लेकर किसान संघ ने भरी हुंकार


जयपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में बाजरे की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू करने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ ने राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने किसानों की मांग पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। इसी क्रम में 5 अक्टूबर को जयपुर प्रांत की सभी 160 तहसीलों में तहसील मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे।

भारतीय किसान संघ के प्रांत अध्यक्ष कालूराम बागड़ा ने प्रेस वार्ता में कहा कि वर्तमान में मंडियों में किसानों का बाजरा करीब 2 हजार रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बिक रहा है, जबकि केंद्र सरकार ने बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,900 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। ऐसे में किसानों को घोषित समर्थन मूल्य का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

बागड़ा ने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में बाजार में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद का वादा किया था, लेकिन करीब ढाई वर्ष बीतने के बावजूद इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सरकार से किसानों के हित में तत्काल बाजरे की समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू करने की मांग की।

प्रांत महामंत्री डॉ. सांवर मल सोलेट ने कहा कि राजस्थान देश का प्रमुख बाजरा उत्पादक राज्य है। उन्होंने बाजरे के निर्यात को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिल सकता है। उन्होंने हरियाणा की तर्ज पर राजस्थान में भी किसानों को भावांतर का लाभ देने अथवा सीधे न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बाजरे की खरीद शुरू करने की मांग की।

प्रदेश उपाध्यक्ष छोगालाल सैनी ने बताया कि आंदोलन के पहले चरण में 5 अक्टूबर को जयपुर प्रांत की सभी 160 तहसीलों में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद तहसील मुख्यालयों से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर बाजरे की एमएसपी पर खरीद शुरू करने की मांग रखी जाएगी।

प्रेस वार्ता के दौरान प्रांत मंत्री श्रीचंद सिद्ध, जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण यादव, जिला मंत्री डॉ. लोकेश कुमार चन्देल सहित भारतीय किसान संघ के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story