किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति किया जागरूक


जोधपुर, 25 नवम्बर (हि.स.)। आईसीएआर-काजरी जोधपुर के निदेशक डॉ. एच.एस. जाट के मार्गदर्शन में किसानों में मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज ग्राम खोखरिया पंचायत समिति में मंडोर मुख्यालय के अंतर्गत खेत बचाओ अभियान का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिकों ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य के महत्व तथा भूमि की दीर्घकालिक उर्वरता बनाए रखने के लिए वैज्ञानिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों की जानकारी दी। उन्होंने फसल की आवश्यकता एवं मृदा परीक्षण के आधार पर रासायनिक उर्वरकों के संतुलित एवं उचित उपयोग पर विशेष जोर दिया। साथ ही किसानों को जैविक आदानों के उपयोग, हरी खाद अपनाने तथा फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के लाभों से अवगत कराया। वैज्ञानिकों ने बताया कि रासायनिक उर्वरकों के साथ जैविक खाद एवं अन्य जैविक आदानों का समन्वित उपयोग करने से मृदा में कार्बनिक पदार्थ की मात्रा बढ़ाने, सूक्ष्मजीवों की सक्रियता बनाए रखने तथा भूमि की उर्वरता में सुधार करने में मदद मिलती है।

किसानों को फसल अवशेषों को जलाने के बजाय खेत में ही उनका उचित प्रबंधन करने तथा हरी खाद को कृषि प्रणाली का हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। अभियान के माध्यम से किसानों को एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन अपनाने, रासायनिक उर्वरकों पर अत्यधिक निर्भरता कम करने तथा मृदा एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में वैज्ञानिकों एवं किसानों के बीच संवाद के माध्यम से स्वस्थ मिट्टी, टिकाऊ खेती और दीर्घकालिक कृषि उत्पादकता सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782993 Articles

Share this story