सब्जियों से भरी पिकअप पलटने से किसान की मौत

WhatsApp Channel Join Now
सब्जियों से भरी पिकअप पलटने से किसान की मौत


जयपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। आमेर थाना इलाके में बुधवार अलसुबह सब्जियों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिकअप सवार किसान की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसा जयपुर-दिल्ली हाईवे पर कुंडा स्थित आमेर चेक पोस्ट के पास सुबह करीब साढ़े चार बजे हुआ।

आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदार ने बताया कि हादसे में माथासूला की रावका की ढाणी निवासी रामनारायण मीणा (55) की मौत हो गई। पिकअप पलटने से वह उसके नीचे दब गए और सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसे में लालचंद मीणा समेत पांच अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां लालचंद मीणा की हालत गंभीर बताई गई है।

पुलिस के अनुसार पिकअप में सवार सभी लोग जमवारामगढ़ क्षेत्र के माथासूला से सब्जियां लेकर जयपुर मंडी में बेचने जा रहे थे। कुंडा स्थित आमेर चेक पोस्ट के पास पहुंचते ही पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई।

हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पिकअप के नीचे दबे और घायल लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story