सरकारी स्कूल में पंखा गिरा, दो छात्र घायल

WhatsApp Channel Join Now
सरकारी स्कूल में पंखा गिरा, दो छात्र घायल


बाड़मेर, 16 मार्च (हि.स.)। जिले के एक सरकारी स्कूल में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। क्लासरूम में अचानक पंखा गिरने से दो छोटे छात्र घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और घायल बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

यह हादसा सांसियों का तला उच्च प्राथमिक स्कूल में हुआ।

प्रार्थना सभा के बाद बच्चे अपनी-अपनी कक्षाओं में पहुंचे ही थे कि अचानक पंखे का हुक टूट गया और पंखा नीचे गिर पड़ा। इस हादसे में पहली कक्षा के छात्र मनीष (5) पुत्र अर्जुनराम और दूसरी कक्षा के छात्र मनीष (6) पुत्र जबाराराम घायल हो गए।

घटना के बाद स्कूल स्टाफ और आसपास के लोगों ने तुरंत दोनों बच्चों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। स्कूल के शिक्षक मुकेश अमन ने बताया कि दोनों बच्चों की कक्षाएं एक ही कमरे में चलती हैं। प्रार्थना सभा खत्म होने के बाद बच्चे कक्षा में आ रहे थे। दोनों छात्र पहले ही जाकर अपनी जगह बैठ गए थे। इसी दौरान लोहे के पैनल पर लगा पंखे का हुक अचानक टूट गया और पंखा उनके ऊपर गिर गया।

घटना देखकर अन्य बच्चे घबरा गए और तुरंत स्टाफ को सूचना दी।

घायल छात्र मनीष के परिवार वालों का कहना है कि यह हादसा स्कूल प्रशासन की लापरवाही से हुआ है। छात्र की दादी चंपा देवी ने बताया कि सुबह उन्होंने बच्चे को तैयार कर स्कूल भेजा था। कुछ ही देर बाद सूचना मिली कि बच्चे को चोट लग गई है। पड़ोसी सुनील सिंह बाइक से बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्चे को देखकर उसकी दादी भावुक हो गईं और उसे गोद में लेकर दुलारने लगीं।

जानकारी के अनुसार कक्षा में दो पंखे एक लोहे की एंगल पर लगाए गए थे। इनमें से एक पंखे का हुक ढीला था, जो खिसकते-खिसकते दूसरे पंखे से टकरा गया। टकराने के बाद हुक टूट गया और पंखा नीचे गिर गया। हादसे के बाद टूटे पंखे को स्कूल कार्यालय में रखवा दिया गया।

घटना की सूचना पर तहसीलदार हुक्मीचंद भी स्कूल पहुंचे। उन्होंने बताया कि पंखों और बिजली से जुड़े उपकरणों की दोबारा जांच करवाई जा रही है और खराब उपकरणों को ठीक करवाने का काम शुरू कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story