बीज माफियाओं पर किरोड़ी का बड़ा प्रहार: चौमूं में नकली मूंगफली बीज फैक्ट्री का भंडाफोड़
जयपुर, 26 मई (हि.स.)। किसानों के हितों से खिलवाड़ कर नकली और अमानक बीजों का कारोबार करने वालों के खिलाफ कृषि विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर जिले के चौमूं स्थित सिल्वर पार्क (रीको) में संचालित अवैध बीज पैकेजिंग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने स्वयं मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया, जहां ‘एग्रो जेनिक्स क्रॉप साइंस’ एवं ‘जीएम एग्रो इंडस्ट्रीज’ नामक अनधिकृत इकाइयों द्वारा ‘श्री बालाजी एग्रो सीकर’ के नाम से गुणवत्ताहीन मूंगफली बीजों की अवैध पैकेजिंग किए जाने का खुलासा हुआ।
निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री परिसर से किसान-510 (RG-510), SG-551 और RG-578 किस्मों के नाम से पैक किए जा रहे मूंगफली बीजों के लाखों खाली बैग और हजारों तैयार पैकेट बरामद किए गए। इसके अलावा करीब 60 लाख खाली मूंगफली बोरियां तथा लगभग 2 लाख साबुत मूंगफली की बोरियां भी मौके से मिलीं। जांच में सामने आया कि साधारण और खराब गुणवत्ता की मूंगफली से मशीनों के जरिए दाना निकालकर उसे “उन्नत बीज” बताकर पैक किया जा रहा था।
इस कार्रवाई के दौरान विभागीय टीमों ने मूंगफली दाना निकालने वाली हाईटेक मशीनें और पैकेजिंग बैग सिलाई मशीनें भी जब्त कीं। अधिकारियों ने दस्तावेजों, स्टॉक और पैकेजिंग सामग्री की गहन जांच की।
कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि किसानों के साथ धोखाधड़ी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बीज माफिया किसानों की फसल, मेहनत और भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं तथा ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आगामी बुवाई सत्र के लिए किसानों को प्रमाणित, उन्नत और उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि किसानों के हितों की रक्षा तथा नकली-अमानक कृषि उत्पादों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा प्रदेशव्यापी विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत जोधपुर, बीकानेर, सीकर और चूरू सहित विभिन्न जिलों में एक साथ निरीक्षण एवं कार्रवाई की गई। कई अवैध इकाइयों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद प्रदेशभर में बीज कारोबार से जुड़े माफियाओं में हड़कंप मच गया है। कृषि विभाग अब संबंधित इकाइयों के लाइसेंस, रिकॉर्ड और सप्लाई चैन की भी जांच कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

