एसआई भर्ती के फिजिकल टेस्ट में पहुंची फर्जी अभ्यर्थी, मास्क नहीं हटाने पर हुआ शक, मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
एसआई भर्ती के फिजिकल टेस्ट में पहुंची फर्जी अभ्यर्थी, मास्क नहीं हटाने पर हुआ शक, मामला दर्ज


अजमेर, 22 अगस्त(हि.स.)। एसआई भर्ती के शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) में अपनी बहन की जगह फर्जी अभ्यर्थी बनकर पहुंचने का मामला सामने आया है। हाड़ा रानी बटालियन प्रबंधन की ओर से अजमेर के अलवर गेट थाने में शिकायत दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अलवर गेट थाने के उपनिरीक्षक राकेश के अनुसार, एसआई भर्ती की लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा सीआरपीएफ ग्राउंड में आयोजित की गई थी। यह परीक्षा 3 से 11 अगस्त के बीच हुई। 4 अगस्त को मुन्नी नाम की अभ्यर्थी की जगह उसकी बहन फिजिकल टेस्ट देने पहुंची। उसने चेहरे पर मास्क लगा रखा था और समिति के कहने के बावजूद मास्क नहीं हटाया। उसने इसके पीछे बीमारी का हवाला देते हुए परीक्षा के लिए दूसरी तारीख देने की मांग की। मामला संदिग्ध लगने पर परीक्षा कमेटी ने जांच की। जांच में सामने आया कि फिजिकल टेस्ट देने पहुंची महिला वास्तविक अभ्यर्थी मुन्नी नहीं, बल्कि उसकी बहन थी। इसके बाद हाड़ा रानी बटालियन प्रबंधन की ओर से अलवर गेट थाने में शिकायत दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

1015 पदों से शुरू हुई थी भर्ती: आरपीएससी ने 17 जुलाई 2025 को एसआई भर्ती-2025 के तहत 1015 पदों के लिए भर्ती जारी की थी। इसके लिए 10 अगस्त से 9 सितंबर 2025 तक आवेदन मांगे गए थे। भर्ती के लिए कुल 7 लाख 70 हजार 49 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया।

लिखित परीक्षा 5 और 6 अप्रैल 2026 को दो-दो पारियों में आयोजित हुई थी, जिसमें करीब 60 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित हुए। बाद में उपनिरीक्षक एपी नॉन-शेड्यूल एरिया के 61 पद बढ़ाए गए, जिससे कुल पदों की संख्या 1076 हो गई। आरपीएससी ने लिखित परीक्षा का परिणाम 19 जून 2026 को जारी किया था। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story