उचित मूल्य दुकानों के लिए चयनित आवेदकों की नियुक्ति आदेश जारी

WhatsApp Channel Join Now
उचित मूल्य दुकानों के लिए चयनित आवेदकों की नियुक्ति आदेश जारी


जोधपुर, 13 मई (हि.स.)। उचित मूल्य दुकानों के लिए चयनित आवेदकों की नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए है। उन्हें सात दिन में प्रतिभूति राशि एवं आवश्यक दस्तावेज जमा कराने के निर्देश दिए गए है।

जिला रसद अधिकारी (प्रथम) जोधपुर अंजुम ताहिर सम्मा ने बताया कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग जयपुर राजस्थान सरकार के परिपत्र की पालना में जिला रसद अधिकारी (प्रथम) जोधपुर कार्यालय के क्षेत्राधिकार में रिक्त एवं नवसृजित उचित मूल्य दुकानों के आवंटन के लिए पूर्व में विज्ञप्ति जारी कर आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए थे। उक्त विज्ञप्ति के क्रम में उचित मूल्य दुकानों के आवंटन के लिए संबंधित तहसील स्तर पर गठित उचित मूल्य दुकान आवंटन सलाहकार समितियों की बैठकें नियमानुसार आयोजित की गईं।

बैठकों में विभागीय नियमों में निहित प्रावधानों एवं निर्धारित प्राथमिकता श्रेणियों के अनुरूप बहुमत से की गई अनुशंसाओं तथा पात्रता के आधार पर विभिन्न स्थानों के लिए चयनित आवेदकों को राजस्थान खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक पदार्थ (वितरण का विनियमन) आदेश, 1976 के अंतर्गत प्राधिकृत उचित मूल्य विक्रेता विनिर्दिष्ट समस्त शर्तों के अधीन उचित मूल्य दुकानदार नियुक्त किया गया है।

उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत माणकलाव के लिए भवानी सिंह, ग्राम पंचायत घंटियाली के लिए घमण्डाराम तथा ग्राम पंचायत नयापुरा चौखा के लिए जयसिंह परिहार को उचित मूल्य दुकानदार नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार तहसील झंवर की ग्राम पंचायत नारनाडी-2 के लिए व्यवस्थापक, ग्राम सेवा सहकारी समिति नारनाडी, ग्राम पंचायत लूणावास चारणान के लिए प्रियंका भाटी तथा ग्राम पंचायत बडलिया-1 के लिए व्यवस्थापक, ग्राम सेवा सहकारी समिति बडलिया को नियुक्त किया गया है।

नव नियुक्त उचित मूल्य दुकानदारों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित प्रतिभूति राशि, दुकान का किरायानामा अथवा मालिकाना दस्तावेज एवं ब्लू प्रिंट नक्शा (यदि आवेदन पत्र के साथ संलग्न रूप में प्रस्तुत नहीं किया गया हो) आदेश प्राप्ति के 07 दिवस के भीतर कार्यालय जिला रसद अधिकारी (प्रथम), जोधपुर में प्रस्तुत करें। निर्धारित अवधि में प्रतिभूति राशि एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में नियुक्ति स्वत: निरस्त मानी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story